संजय गांधी मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, धनौरा-लाडवा में दो महत्वपूर्ण आयोजन संपन्न हुए। प्रातः काल भीषण गर्मी को देखते हुए राहगीरों के लिए मीठे जल की छबील लगाई गई तथा दोपहर में विद्यालय की वरिष्ठ शिक्षिका सुनीता अरोड़ा के सेवानिवृत्त होने पर विदाई समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय ने प्रातः 10:30 बजे मुख्य द्वार के बाहर ठंडे मीठे जल की छबील लगाई। विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रधान पवन गर्ग, सचिव रविंद्र बंसल, वरिष्ठ अधिवक्ता एवं सम्मानित सदस्य वीरेंद्र गर्ग व प्रधानाचार्य नरेंद्र शर्मा ने जल सेवा करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया । विद्यालय के स्टाफ ने राहगीरों, ऑटो चालकों व आम जनता को जल पिलाकर पुण्य कमाया। इस सेवा कार्य से समाज सेवा व मानवता का भाव जागृत हुआ। दोपहर 12:30 बजे विद्यालय सभागार में हिंदी विभाग की वरिष्ठ अध्यापिका सुनीता अरोड़ा का विदाई समारोह आयोजित किया गया। सुनीता अरोड़ा ने विद्यालय में 22वर्षों तक निष्ठापूर्वक सेवाएं दीं। विद्यालय के प्रधान पवन गर्ग, रविंद्र बंसल, वीरेंद्र गर्ग व प्रधानाचार्य ने पुष्पगुच्छ व शॉल भेंट कर सुनीता अरोड़ा का सम्मान व स्वागत किया। प्रबंधन समिति के प्रधान पवन गर्ग ने सुनीता अरोड़ा के शानदार कार्यकाल की प्रशंसा की एवं उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। प्रधानाचार्य ने सुनीता अरोड़ा के योगदान को अविस्मरणीय बताया और उनके स्वस्थ व सुखी जीवन की कामना की। सहकर्मी शिक्षकों ने उनके साथ बिताए अनुभव साझा किए और उनके धैर्य, अनुशासन व मातृत्व भाव की सराहना की। विद्यालय परिवार की ओर से स्मृति चिह्न व उपहार भेंट किए गए। सुनीता अरोड़ा ने भावुक होते हुए सभी का आभार व्यक्त किया । कार्यक्रम का समापन जलपान के साथ हुआ। पूरा विद्यालय परिवार भावुक था, परन्तु सुनीता अरोड़ा को उनके नए जीवन के लिए शुभकामनाएं देते हुए सभी ने विदा किया। छबील व विदाई समारोह दोनों ही कार्यक्रम सफल रहे। एक ओर सेवा भाव का संदेश गया, वहीं दूसरी ओर गुरु सम्मान परंपरा की मिसाल देखने को मिली।
