कुरुक्षेत्र, 27 मई। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (सीडीओई) द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 (एनईपी-2020) के अनुरूप अभिनव बहु विषयक बी.एससी. कार्यक्रम शुरू किया गया है।
केंद्र की निदेशिका प्रो. मंजूला चौधरी ने बताया कि यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को लचीले एवं बहुविषयक अध्ययन का अवसर प्रदान करेगा। इस कार्यक्रम की विशेषता यह है कि विद्यार्थी पांच प्रमुख विषयों गणित, सांख्यिकी, बिजनेस एनालिटिक्स, कंप्यूटर साइंस तथा भूगोल में से अपनी रुचि के अनुसार कोई भी तीन विषय चुन सकते हैं। ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग प्रणाली में यह सबसे अधिक लचीले विज्ञान पाठ्यक्रमों में से एक है। इस कार्यक्रम के लिए प्रवेश प्रक्रिया 1 जुलाई से सीडीओई पोर्टल पर शुरू होगी।
लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि कार्यक्रम में अर्थशास्त्र, वाणिज्य एवं प्रबंधन से संबंधित माइनर तथा स्किल आधारित पाठ्यक्रम भी शामिल किए गए हैं, जिससे विद्यार्थियों के समग्र विकास एवं रोजगार क्षमता को बढ़ावा मिलेगा। यह पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को डेटा एनालिटिक्स, जीआईएस एवं जियोस्पेशियल सेवाओं, आईटी सपोर्ट, रिसर्च एवं सर्वे कार्यों, बैंकिंग एवं फाइनेंस, मार्केट रिसर्च सहित विभिन्न क्षेत्रों में करियर बनाने का अवसर प्रदान करेगा। इसके अतिरिक्त विद्यार्थी एमएससी, एमसीए, एमबीए, डेटा साइंस आदि उच्च शिक्षा कार्यक्रमों में भी आगे अध्ययन कर सकेंगे
