कुरुक्षेत्र, 27 मई। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि जिले में लिंगानुपात में सुधार लाने के लिए अवैध रूप से भ्रूण लिंग जांच करने और करवाने वाले दलालों पर स्वास्थ्य विभाग की तरफ से शिकंजा कसा जाएगा। इस जिले में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को पीएनडीटी एक्ट के तहत नियमित रूप से छापेमारी करने के आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए है।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा बुधवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित पीएनडीटी एक्ट के तहत अधिकारियों की एक बैठक को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सम्बोधित कर रहे थे। इससे पहले उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने जिला सिविल सर्जन डा. सुखबीर सिंह व अन्य सदस्यों से पीएनडीटी एक्ट के तहत स्वास्थ्य विभाग की तरफ से अभी तक की गई कार्रवाई और कमेटी की प्रगति रिपोर्ट पर फीडबैक लिया। उपायुक्त ने फीडबैक रिपोर्ट के आधार पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि  जिले के लिंगानुपात में और सुधार करने, पी.एन.डी.टी. के अंतर्गत अधिक से अधिक छापेमारी किए जाने, जिले में अवैध भ्रूण लिंग जांच करने व करवाने वाले दलालों  पर शिकंजा कसने बारे ठोस कदम उठाए जाए।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में जहां जिला कुरुक्षेत्र का लिंगानुपात 893 था वह वर्ष 2026 (अप्रैल) में बढ़ कर 931 हो गया। स्वास्थ्य विभाग के पी.एन.डी.टी. विभाग द्वारा पिछले वर्षों में की गई 30 छापेमारी के एवज में दर्ज एफ.आई.आर. के द्वारा पुलिस द्वारा 92 गिरफ्तारियां भी की गई। इसके साथ ही जिले में सभी गर्भवती महिलाओं के ए.एन.सी. रजिस्ट्रेशन प्रथम तिमाही में करने बारे आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए है।
उन्होंने कहा कि झांसा ब्लॉक के काफी कम लिंगानुपात (821) बारे इंगित करते हुए झांसा ब्लॉक के साथ-साथ अन्य ब्लॉकों में जन-साधारण को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम के अन्तर्गत स्कूलों में, चौपालों के द्वारा, सामाजिक संस्थाओं के सहयोग द्वारा, धार्मिक संस्थाओं में बैनरों, पोस्टरों, आडियो व विडियो की क्लिपिंग आदि गतिविधियों के माध्यम से जागरूक किया जाए ताकि भविष्य में ब्लॉक के लिंगानुपात में सुधार होने के साथ ही जिले के लिंगानुपात में भी और सुधार हो सके और गर्भ में पल रही बेटियों को बचाया जा सके।
इस मौके पर  सिविल सर्जन डॉ. सुखबीर सिंह, डिप्टी सीएमओ डॉ. रमेश सभ्रवाल,महिला एवं बाल विकास विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *