भारत रत्न एवं देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू जी की पुण्यतिथि पर जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी), करनाल द्वारा जिला कांग्रेस कार्यालय में सर्वधर्म प्रार्थना सभा एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला अध्यक्ष पराग गाबा जी के दिशा-निर्देशों एवं मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।
इस अवसर पर संगठन महासचिव ललित आहूजा जी ने जिला अध्यक्ष पराग गाबा जी की अनुपस्थिति में उनके विचार उपस्थित कांग्रेसजनों के समक्ष रखते हुए कहा कि पंडित जवाहर लाल नेहरू जी का सपना एक मजबूत, शिक्षित, वैज्ञानिक सोच वाला और एकजुट भारत बनाना था। उन्होंने कहा कि नेहरू जी ने देश को केवल आजादी के बाद संभाला ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र, शिक्षा, बड़े उद्योगों, वैज्ञानिक संस्थानों और भाईचारे की ऐसी मजबूत नींव रखी, जिस पर आज का भारत खड़ा है।
उन्होंने कहा कि आज जब समाज में नफरत और विभाजन की राजनीति बढ़ाने की कोशिशें हो रही हैं, तब नेहरू जी के विचार और भी अधिक प्रासंगिक हो जाते हैं। उनका जीवन देश की एकता, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए समर्पित रहा।
जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी) करनाल के उपप्रधान जोगिंदर वाल्मीकि जी, बिंदर पोसवाल जी एवं तरुण चौहान जी ने भी पंडित जवाहर लाल नेहरू जी के विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नेहरू जी की सोच आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा है और देश को आगे बढ़ाने का सबसे मजबूत मार्ग है।
कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने नेहरू जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने तथा देश की एकता, भाईचारे और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प लिया। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के सभी पदाधिकारी, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं कांग्रेसी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इसके साथ ही चंडीगढ़ स्थित हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में भी पंडित जवाहर लाल नेहरू जी को पुष्पांजलि अर्पित की गई। वहीं प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में एसआईआर को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें सभी जिला अध्यक्षों के साथ बीएलए-1 भी शामिल हुए। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, बूथ स्तर पर मजबूती तथा अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा की गई।
बैठक में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह जी, पूर्व मुख्यमंत्री एवं सीएलपी लीडर भूपेंद्र सिंह हुड्डा जी, सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल जी, सह-प्रभारी प्रफुल्ल जी तथा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी से विशेष रूप से पधारे चाला वामशी चंद रेड्डी जी मौजूद रहे। नेताओं ने आगामी समय में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *