करनाल । महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि उनके लिए जन सेवा सर्वोपरि है और प्रत्येक परिस्थिति में वह जनता के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा, मेहनत, लगन और समर्पण भाव के साथ करती रहेंगी। उन्होंने दोहराया कि करनाल के प्रत्येक नागरिक का कल्याण और शहर का चहुंमुखी विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी को साथ लेकर पूरे उत्साह के साथ दूरगामी परियोजनाओं को निरंतर अमली जामा पहनाया जा रहा है।
ये विचार उन्होंने अपने निज निवास पर आम जन से भेंट के क्रम में व्यक्त किए। इस अवसर पर न्यू बहादुर चंद कॉलोनी से बड़ी संख्या में आईं महिलाओं और प्रबुद्ध नागरिकों ने भी रेणु बाला गुप्ता से मुलाकात की। महापौर ने महिलाओं को अपनी पारिवारिक बहनें बताते हुए उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और उनसे विभिन्न स्थानीय विषयों पर विस्तार से चर्चा की। मुलाकात के दौरान महिलाओं ने अपनी प्रमुख समस्याओं को भी महापौर के समक्ष रखा। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने प्रत्येक विषय को अत्यंत गंभीरतापूर्वक सुना और जन-हित को सर्वोपरि रखते हुए तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने मौके पर ही संबंधित विभाग के अधिकारियों को फोन करके समस्याओं के त्वरित निवारण के संदर्भ में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

स्नेह एवं विश्वास से मिलती ऊर्जा
उपस्थित महिलाओं से संवाद में महापौर रेणु बाला गुप्ता ने भावुक स्वर में कहा कि आम जन का यह अटूट स्नेह और विश्वास ही दिन-रात क्षेत्र की उन्नति के लिए कार्य करने की ऊर्जा देता है। जनता की सेवा के लिए सम्पूर्ण जीवन समर्पित करने की भावना के साथ हम सब मिलकर ‘विकसित करनाल’ के सपने को हर हाल में साकार करेंगे। न्यू बहादुर चंद कॉलोनी से आई महिलाओं ने महापौर की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे सदैव एक स्वजन की तरह उनकी समस्याओं को सुनती हैं और उनका समाधान सुनिश्चित करती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *