पानीपत। शहर की एमबीबीएस महिला डाक्टर को अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल, एक करोड़ रुपये और जेवरात की मांग करने का मामला सामने आया है।
लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर डाक्टर ने घर की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। उनके शरीर में कई फ्रैक्चर हो गए और अब वह चलने-फिरने में असमर्थ होकर बेड पर है। पीड़िता के भाई और चाचा की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
जांच डीएसपी स्तर पर कराई गई। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद पहले जींद के पिल्लूखेड़ा थाना में जीरो एफआइआर दर्ज की गई। घटनास्थल पानीपत होने के कारण केस माडल टाउन थाना स्थानांतरित कर दिया।
तेलंगाना में कर रही थी एमबीबीएस
पुलिस शिकायत के अनुसार वर्ष 2015 में जींद के एक स्कूल में पढ़ाई के दौरान पीड़िता की मोहित नामक युवक से पहचान हुई थी। आरोपित ने खुद को संपन्न परिवार से बताकर दोस्ती बढ़ाई और शादी का झांसा दिया। वर्ष 2019 में जब युवती तेलंगाना में एमबीबीएस कर रही थी, तब आरोपित वहां भी पहुंच गया।
