कुवि में पीजी, सर्टिफिकेट व डिप्लोमा कोर्सों के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू
कुरुक्षेत्र, 25 मई। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने पोस्ट ग्रेजुएट, सर्टिफिकेट, डिप्लोमा तथा विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के लिए हैंडबुक ऑफ इंफॉर्मेशन (एचबीआई) का विमोचन करते हुए ऑनलाइन एडमिशन पोर्टल को एक्टिवेट किया। इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए आवेदन प्रक्रिया 25 मई 2026 से प्रारंभ हो गई है।
इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, शोधपरक और रोजगारोन्मुख शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप पाठ्यक्रमों में आधुनिकता, कौशल विकास और वैश्विक प्रतिस्पर्धा को ध्यान में रखते हुए सुधार किए गए हैं ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और करियर अवसर प्राप्त हो सकें। ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थी घर बैठे आवेदन, दस्तावेज अपलोड और फीस जमा कर सकेंगे।
जारी कार्यक्रम के अनुसार एम.ए., एम.एससी., एम.कॉम., एम.लिब., एमएचएम एंड सीटी, एमबीए, एमसीए, एम.फार्मेसी, एलएलएम, एम.टेक., बी.एड., एम.एड., एमपीएड, बीपीएड, एलएलबी, एमएफए, एमफार्मेसी, एमसीए कोर्सों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 जून 2026 निर्धारित की गई है, जबकि एम.टेक., पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के लिए आनलाईन आवेदन की अंतिम तिथि 5 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। विश्वविद्यालय द्वारा जारी एचबीआई में कोर्सवार पात्रता, सीटें, फीस संरचना, प्रवेश नियम एवं महत्वपूर्ण तिथियों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई है।
इसके साथ ही एडवांस डिप्लोमा (ईवनिंग सेशन) के अंतर्गत फ्रेंच तथा जर्मन भाषा, डिप्लोमा इन (इवनिंग सेशन) फ्रैंच, जर्मन, उर्दू, रीजनिंग, संस्कृत भाषा (ऑनलाइन), डिप्लोमा (मॉर्निंग सेशन) योगा एंड अप्लाइड फिलॉसफी तथा सर्टिफिकेट इन (ईवनिंग सेशन) फ्रैंच, जर्मन, पंजाबी, कम्यूनिकेशन स्किल, उर्दू, भगवदगीता, मोरल एंड स्प्रिच्युअल काउंसलिंग पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 28 जुलाई 2026 रात्रि 11.55 बजे तक निर्धारित की गई है। विद्यार्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट एवं एडमिशन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन शुल्क सामान्य वर्ग के लिए 1200 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि हरियाणा के एससी, बीसी एवं दिव्यांग वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 300 रुपये शुल्क लागू रहेगा। यदि कोई विद्यार्थी एक से अधिक पाठ्यक्रमों में आवेदन करता है तो उसे प्रत्येक कोर्स के लिए अलग आवेदन शुल्क जमा करना होगा। अधिक जानकारी के लिए विद्यार्थी कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर विजिट कर सकते हैं।
इस अवसर पर डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. राकेश कुमार, प्रो. प्रदीप कुमार, परीक्षा नियंत्रक डॉ. अंकेश्वर प्रकाश, प्रो. संजय त्यागी, प्रो. अनिता भटनागर, प्रेस मैनेजर रामेश्वर सैनी, विजय शर्मा, अशोक गौड़, दिनेश कुमार, राजबीर मौजूद रहे।
बाक्स
विभिन्न पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन आमंत्रित
एम.ए. पाठ्यक्रमों में अंग्रेजी, हिंदी, पंजाबी, दर्शनशास्त्र, संस्कृत, अर्थशास्त्र, इतिहास, राजनीति विज्ञान, रक्षा एवं रणनीतिक अध्ययन, मनोविज्ञान, लोक प्रशासन, समाज कार्य, समाजशास्त्र तथा महिला अध्ययन जैसे विषय शामिल किए गए हैं। फाइन आर्ट्स के अंतर्गत पेंटिंग, एप्लाइड आर्ट, प्रिंटमेकिंग, ग्राफिक्स और स्कल्पचर से संबंधित कोर्स भी उपलब्ध रहेंगे। एम.एससी. कार्यक्रमों में बायोकेमिस्ट्री, बायोटेक्नोलॉजी, बॉटनी, माइक्रोबायोलॉजी, जूलॉजी, फॉरेंसिक साइंस, केमिस्ट्री, इलेक्ट्रॉनिक्स, जियोग्राफी, गणित, फिजिक्स, एमए जर्नलिज्म एंड मास कम्यूनिकेशन, एमएससी मास कम्यूनिकेशन, एमएससी ग्राफिक्स, एनिमेशन एंड मल्टीमीडिया, एमएससी प्रिंटिंग, गफिक्स एंड पैकेजिंग टैक्नालाजी और एमएएससी स्टेटिस्टिक्स सहित कई महत्वपूर्ण विषयों में प्रवेश होंगे। कॉमर्स संकाय में एम.कॉम., विधि संकाय में एलएलबी और एलएलएम., जबकि प्रबंधन संकाय में एमबीए एवं एमबीए (एसएफएस) कार्यक्रमों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *