कुरुक्षेत्र, 25 मई। पुलिस महानिदेशक हरियाणा के निर्देशानुसार यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने और अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से हरियाणा पुलिस द्वारा 18 मई से 24 मई 2026 तक एक विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्र मोहन के कुशल मार्ग दर्शन में कुरुक्षेत्र पुलिस द्वारा विशेष अभियान के तहत बिना नम्बर प्लेट चलने वाले वाहनों के खिलाफ कारवाई की गई। पुलिस की टीमों ने शहर के विभिन्न चौकों, बाजारों और मुख्य मार्गों पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की। जांच के दौरान 417 ऐसे वाहन जिनपर नम्बर प्लेट नहीं लगी थी तथा बिना पैटर्न नंबर प्लेट 963 वाहनों के चालान किये गए। जिला पुलिस द्वारा नम्बर प्लेट व बिना पैटर्न नंबर प्लेट के कुल 1380 वाहन चालकों के चालान किए गए।

पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्र मोहन ने कहा कि इस तरह के उल्लंघन न केवल मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन करते हैं, बल्कि कानून व्यवस्था बनाए रखने, यातायात नियमन, अपराध का पता लगाने और सार्वजनिक सुरक्षा में महत्वपूर्ण चुनौतियां भी पैदा करते हैं। बिना नम्बर प्लेट वाहन चलाना कानूनन अपराध है और ऐसे वाहन अपराधियों द्वारा भी प्रयोग किए जा सकते हैं, जिससे कानून व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका रहती है।

जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि कुरुक्षेत्र पुलिस की टीमों द्वारा यह अभियान मुख्य सड़कों, बाजार क्षेत्रों, राजमार्गों और प्रवेश/निकास बिंदुओं सहित संवेदनशील स्थानों पर यातायात और पुलिस कर्मियों की पर्याप्त तैनाती के साथ सुनियोजित और व्यवस्थित तरीके से चलाया गया। पुलिस ने वाहन चालकों को स्पष्ट संदेश दिया कि सभी वाहन चालक अपने वाहनों पर निर्धारित मानकों के अनुसार नम्बर प्लेट अवश्य लगवाएं तथा यातायात नियमों का पालन करें। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

कुरुक्षेत्र पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक बनें तथा यातायात नियमों की पालना कर सड़क दुर्घटनाओं और अपराधों को रोकने में पुलिस का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *