करनाल, 25 मई। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा की अध्यक्षता में सोमवार को स्थानीय विकास भवन के सभागार में जिला विकास एवं निगरानी समिति की बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में जिला विकास योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में करवाए जाने वाले विभिन्न विकास कार्यों के लिए करीब 23 करोड़ 75 लाख रुपये की राशि की स्वीकृति प्रदान की गई।
मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि जिला विकास योजना के अंतर्गत करवाए जाने वाले विकास कार्यों की अनुमानित लागत जल्द तैयार करवाई जाए ताकि उन्हें समय पर पूरा करवाया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में करवाए जाने वाले कार्यों की सूची इस ढंग से तैयार की जाए ताकि वे नॉट फिजीबल ना पाए जाएं बल्कि लोगों की मूलभूत आवश्यकताओं के अनुसार प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य पूरे करवाए जाएं। उन्होंने कहा कि जिला के स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र के विकास को लेकर दी गई विकास कार्यों की सूची को गंभीरता से लें और उन विकास कार्यों को जल्दी पूरा करवाएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि डी-प्लान का पैसा लैप्स ना होने दिया जाए बल्कि उसे निर्धारित समय अवधि में प्रयोग करके विकास कार्यों की गति को तेज किया जाए।
इस अवसर पर उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा का स्वागत किया और वित्तीय वर्ष 25-26 के दौरान जिला विकास योजना के अंतर्गत करवाए गए विकास कार्यों और उन पर खर्च राशि के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष 319 विकास कार्य इस योजना के अंतर्गत स्वीकृत किए गए थे जिनमें से 273 विकास कार्य पूरे हो चुके हैं तथा 40 विकास कार्य प्रगति पर हैं और शेष 6 कार्य स्थगित पाए गए। उन्होंने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष के दौरान ग्रामीण क्षेत्र में 15 करोड़ 89 लाख 21 हजार रुपये की राशि व शहरी क्षेत्र में करीब 7 करोड़ 86 लाख की राशि के विकास कार्य करवाए जाने प्रस्तावित हैं। इसमें सामान्य कंपोनेंट में 14 करोड़ 25 लाख व एससी कंपोनेंट में 9 करोड़ 50 लाख रुपये की राशि के विकास कार्य शामिल हैं।
बैठक में महापौर रेनू बाला गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीन लाठर, सांसद प्रतिनिधि कविंद्र राणा, जिला परिषद के सीईओ अमित कुमार, योजना अधिकारी राजेंद्र कुमार, सहायक योजना अधिकारी जितेंद्र कुमार सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
