करनाल, 23 मई। जिला नगर योजनाकार ने बताया कि गत दिवस जिला नगर योजनाकार, करनाल की टीम ने पुलिस बल के सहयोग से अल्फा इन्टरनैशनल सिटी में सामुदायिक केन्द्र में अनाधिकृत निर्माण को हटाया, अवैध रास्ते को बन्द किया तथा सैट बैंक के अन्दर अवैध निर्माण के विरूद्ध तोडफ़ोड़ की कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि इसके अलावा मेरठ रोड पर गांव शेखपुरा में लगभग 5 एकड़ में स्थित अवैध कॉलोनी के विरूद्ध तोडफ़ोड़ की कार्रवाई की गई। इस कॉलोनी में सभी डी. पी. सी. व सभी पक्की सडक़ो को ध्वस्त किया गया। तोडफ़ोड़ की कार्रवाई ड्यूटी मैजिस्ट्रेट व पुलिस की अगुवाई में की गई।
उन्होंने बताया कि अवैध निर्माण के विरूद्ध विभाग द्वारा लगातार तोडफ़ोड़ की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही अवैध कॉलौनियों व अवैध निर्माण करने वाले की लगातार एफ. आई. आर. भी करवाई जा रही है। समय-समय पर सभी को सूचित भी किया जा रहा है कि अवैध कॉलोनियों व अवैध निर्माण को बढ़ावा देने वालों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि अवैध कॉलोनियों व अवैध निर्माण पर अंकुश लगाने के लिए सभी तरह की कार्रवाई की जा रही है व अवैध कॉलोनियों व अवैध निर्माण के लिए किसी तरह की कोताही नहीं बरती जाएगी।
उन्होंने लोगों से अपील की कि डीलरों के जाल में न फंसें और शहर में बनी वैध कॉलोनियों में प्लाट खरीद कर अपना घर बनाएं तथा डीलरों से अपील की गई की वे टाउन एंड कंट्री प्लानिंग हरियाणा चंडीगढ़ से लाइसेंस लेकर कॉलोनी विकसित करें ताकि आम जनता को उसका फायदा मिले।
