उपायुक्त अजय सिंह तोमर शुक्रवार को अपने कार्यालय में समाधान शिविरों को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
इससे पहले चंडीगढ़ से हरियाणा परिवहन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजा शेखर वुंद्रू ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्तों एवं संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। बैठक के दौरान उन्होंने प्रदेशभर में आयोजित समाधान शिविरों की समीक्षा करते हुए शिकायतों के निपटान संबंधी विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने एसीएस को अवगत करवाते हुए बताया कि जिले में निरंतर समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही शिविरों में प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों की नियमित समीक्षा बैठकें भी आयोजित की जा रही हैं, ताकि आमजन को समस्याओं के समाधान का लाभ समय पर मिल सके।
वीसी के उपरांत उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि राज्य स्तर से प्राप्त सभी दिशा-निर्देशों की गंभीरता से अनुपालना सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर सरकार के सुशासन के संकल्प को धरातल पर लागू करने का प्रभावी माध्यम हैं। सभी विभागाध्यक्ष यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए तथा संबंधित एटीआर पोर्टल पर रिपोर्ट अपलोड की जाए।
उपायुक्त ने कहा कि समाधान शिविर जनसेवा का सशक्त माध्यम हैं, जिनका मुख्य उद्देश्य सरकारी सेवाओं की का लाभ बिना किसी परेशानी अथवा बिना देरी किए प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पंहुचाना है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय एवं उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार और वीरवार को प्रात: 10 बजे से 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे निर्धारित समय पर समाधान शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याओं एवं शिकायतों का समाधान करवाएं।
इस अवसर पर अभिषेक गर्ग, डीआरओ राजेश ख्यालिया, पुलिस अधिकारी हितैश, डीडीपीओ दिनेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *