हरियाणा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग तथा भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा जारी हीट वेव चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने जिले के सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त ने कहा कि आगामी दिनों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी की संभावना है।
उन्होंने बताया कि मौसम विभाग के द्वारा जारी चेेतावनी के अनुसार  24 मई तक मौसम शुष्क (ड्राई) रहने की संभावना है व अगले दिनों के दौरान तापमान में लगभग 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कुछ स्थानों पर हीट वेव (लू) चलने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य, शिक्षा, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, बिजली, नगर निकाय, श्रम विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों को आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सार्वजनिक स्थानों, बस अड्डों, बाजारों, सरकारी कार्यालयों तथा अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में हीट स्ट्रोक से संबंधित दवाइयों, बेड तथा चिकित्सा सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने को कहा गया है।
उपायुक्त ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। बाहर निकलते समय सिर को कपड़े, टोपी अथवा छाते से ढकें तथा शरीर में पानी की कमी न होने दें। उन्होंने कहा कि अधिक मात्रा में पानी, ओआरएस, छाछ, नींबू पानी एवं अन्य तरल पदार्थों का सेवन करते रहें।
उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं एवं बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखा जाए क्योंकि अत्यधिक गर्मी का प्रभाव इन पर अधिक पड़ता है। अभिभावक बच्चों को तेज धूप में खेलने के लिए बाहर न भेजें तथा उन्हें पर्याप्त मात्रा में पानी पिलाते रहें।
उपायुक्त ने निर्माण कार्यों एवं खुले स्थानों पर कार्य करने वाले मजदूरों के लिए भी विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित संस्थान एवं ठेकेदार श्रमिकों के लिए छांव, पीने के पानी तथा आराम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें ताकि किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी से बचा जा सके।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा लोगों को हीट वेव से बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक स्तर पर सूचना, संचार एवं जन-जागरूकता गतिविधियां भी चलाई जाएंगी। सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने स्तर पर आमजन को हीट वेव से बचाव संबंधी उपायों के प्रति जागरूक करें।
उपायुक्त ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को अत्यधिक कमजोरी, चक्कर आना, तेज बुखार, उल्टी, सांस लेने में परेशानी अथवा बेहोशी जैसी समस्या महसूस हो तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें। उन्होंने आमजन से प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने तथा स्वयं के साथ-साथ अपने परिवार के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील की।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *