असंध/ करनाल, 22 मई।   असंध के विधायक योगेन्द्र राणा ने आज ग्राम पंचायत अलावला में विकास कार्यों को नई गति देते हुए लगभग 70 लाख रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान विधायक योगेंद्र राणा ने 5 लाख रुपये की लागत से बनी नवनिर्मित फिरनी का उद्घाटन किया तथा 65 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।

इस अवसर पर विधायक योगेंद्र राणा ने कहा कि गांवों का विकास भाजपा सरकार की प्राथमिकता है और प्रदेश सरकार गांवों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि फिरनी बनने से ग्रामीणों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी, वहीं सामुदायिक भवन बनने से गांव में सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर व्यवस्था उपलब्ध होगी।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” की भावना के साथ प्रदेश के हर गांव और हर वर्ग के विकास के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है। आज हरियाणा में गांवों की तस्वीर बदलने का कार्य तेज गति से किया जा रहा है। सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामुदायिक सुविधाओं के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए जा रहे हैं, जिनका लाभ अंतिम पंक्ति तक बैठे व्यक्ति को मिल रहा है।

विधायक योगेंद्र राणा ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में हरियाणा विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। मुख्यमंत्री नायब सैनी  लगातार प्रदेश के गांवों और किसानों के हित में जनकल्याणकारी योजनाएं लागू कर रहे हैं तथा प्रदेश के संतुलित विकास को प्राथमिकता दे रहे हैं।

उन्होंने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि मनोहर लाल ने मुख्यमंत्री रहते हुए हरियाणा में पारदर्शी और विकासोन्मुख शासन की मजबूत नींव रखी, जिसका लाभ आज प्रदेश की जनता को मिल रहा है। उनके नेतृत्व में प्रदेश में बिना भेदभाव के विकास कार्य हुए और ईमानदार शासन व्यवस्था को मजबूती मिली।

विधायक योगेंद्र राणा ने इन विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री नायब सैनी तथा केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले समय में भी असंध हल्के के गांवों में विकास कार्यों की गति इसी प्रकार जारी रहेगी।

इस मौके पर जलमाना मण्डल अध्यक्ष विजय राणा, ग्राम पंचायत सरपंच अजीत राणा, जलमाना मंडल महामंत्री आशीष माहला, पूर्व सरपंच मनोज, अक्षय वर्मा एवं गांव के गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed