करनाल, 22 मई। प्रधान जनगणना अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ आनंद कुमार शर्मा ने जनगणना 2027 के कार्यों को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।
जारी आदेशों के अनुसार जिला के तहत आने वाले नगर निगमों, नगर परिषदों, नगर पालिकाओं तथा शहरी स्थानीय निकायों के निर्वाचित प्रतिनिधियों को जनगणना कार्य में लगे प्रगणकों, पर्यवेक्षकों एवं अन्य अधिकारियों को पूर्ण सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी प्रकार जिला की सभी ग्राम पंचायतों के सरपंच, पंच एवं पंचायत प्रतिनिधियों को भी जनगणना कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए आवश्यक सहयोग एवं सहायता उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा सभी नंबरदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में जनगणना अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सहायता सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।
उपायुक्त डॉ आनंद कुमार शर्मा ने स्पष्ट किया है कि जनगणना कार्य में किसी प्रकार की बाधा, विलंब अथवा अवरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा सभी संबंधित विभाग एवं स्थानीय निकाय आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे। आदेशों की अवहेलना अथवा अनुपालना में लापरवाही बरतने पर जनगणना अधिनियम, 1948 एवं अन्य लागू नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
