कुरुक्षेत्र, 21 मई। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की प्रांत संयोजकों की अखिल भारतीय कार्यगोष्ठी का आयोजन 22 से 24 मई तक विद्या भारती संस्कृति शिक्षा संस्थान, कुरुक्षेत्र में होगा। यह जानकारी देते हुए संस्थान के प्रबंधक सुधीर कुमार ने बताया कि कार्यगोष्ठी में हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उड़ीसा, तेलंगाना, असम, केरल, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, तमिलनाडु, गुजरात, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक सहित देश के सभी राज्यों से लगभग 85 प्रतिभागी सहभागिता करेंगे। उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय कार्यगोष्ठी के अनेक सत्रों में छात्रों की संस्कृति ज्ञान परीक्षा में उपस्थिति, सम्पर्कित विद्यालयों को संस्कृति बोध अभियान से जोड़ना, विद्या मंदिरों की सहभागिता, आचार्यों की परीक्षा, परीक्षा परिणाम, संस्कृति प्रवाह, पुस्तक प्रेषण, प्रश्नपत्र, प्रमाण पत्र, निबंध प्रतियोगिता, विद्या भारती का साहित्य, चित्र संच का उपयोग सहित संस्कृति बोध परियोजना के अनेक विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। उन्होंने बताया कि संस्कृति ज्ञान परीक्षा वर्ष 1980 से शुरू हुई थी, जिसमें उस समय 30 हजार छात्र सम्मिलित हुए थे, आज देश के प्रत्येक राज्य से इस परीक्षा में सहभागिता हो रही है और यह आंकड़ा लगभग 22 लाख छात्र-छात्राओं तक पहुंच गया है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में वर्णित भारतीय ज्ञान परम्परा आधारित संस्कृति बोधमाला पुस्तकें पढ़कर एवं संस्कृति ज्ञान परीक्षा में सहभागिता कर छात्र ज्ञानवर्द्धन कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *