फरीदाबाद। फरीदाबाद में छोले भटूरे खाने की जिद कर रहे बेटे को मां ने डांटा तो नाराज होकर उसने सेहतपुर नए पुल से आगरा नहर में छलांग लगा दी।
पल्ला थाना पुलिस एसडीआरएफ की सहायता से नहर में नवयुवक की तलाश में जुटी हुई है। नवयुवक का नाम कुलदीप है, वह सरस्वती कालोनी में परिवार के साथ रहता है। उसके पिता कॉलोनी में ही इनवर्टर बैट्री का काम करते हैं, वह काम में उनका हाथ बंटाता है।
आगरा नहर में लगा दी छलांग
बुधवार दोपहर वह मां से छोले भटूरे खाने की जिद कर रहा था, मगर गर्मी में बीमार होने का हवाला देकर मां ने उसे मना कर दिया और जिद करने पर डांट लगा दी। इससे नाराज होकर वह घर से निकला और करीब 11:30 बजे सुबह सेहतपुर नया पुल से आगरा नहर में छलांग लगा दी।
कुछ लोगों ने उसे रोकने की कोशिश भी की, मगर वह हाथ छुड़ाकर कूद गया। पुल के पास उसका चचेरा भाई मौजूद था। उसने परिवार के सदस्यों को इसकी सूचना दी, यह सुनकर परिवार के होश उड़ गए। वे मौके पर पहुंचे और पुलिस से बेटे को ढूंढने की गुहार लगाने लगे।
करीब डेढ़ घंटा बाद एसडीआरएफ की टीम नहर पर पहुंची और नवयुवक की तलाश शुरू की। कुलदीप की तीन बहन और एक बड़ा भाई है। वह सबसे छोटा है। बता दें की एक महीने के अंदर चार लोग आगरा नहर में छलांग लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर चुके हैं।
