पानीपत। जिले में मंगलवार सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवा के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दिन चढ़ने के साथ ही चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़ों ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। मंगलवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।

गर्मी के चलते दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही काफी कम दिखाई दी। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकलना उचित समझ रहे हैं। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी दोपहर के समय कम भीड़ नजर आई। तेज धूप के कारण राहगीर सिर और चेहरे को कपड़े से ढककर निकलते दिखाई दिए।

ठंडे पेयजल पदार्थों की बढ़ी मांग

गर्मी बढ़ने के साथ ही ठंडे पेय पदार्थों की मांग में भी तेजी आई है। शहर में जगह-जगह सड़क किनारे रेहड़ी लगाने वाले जलजीरा, शिकंजी, गन्ने का जूस और अन्य ठंडे पेय बेचते नजर आ रहे हैं।

इन स्टालों पर ग्राहकों की अच्छी-खासी भीड़ देखी जा रही है। दोपहर के समय लोग बड़ी संख्या में जूस और ठंडे पेय पदार्थ खरीद रहे हैं। खासकर गन्ने का जूस, नींबू पानी और जलजीरा की मांग अधिक बनी हुई है।

धूप में न निकलने की दी जा रही सलाह

गर्मी का असर बच्चों और बुजुर्गों पर अधिक देखने को मिल रहा है। चिकित्सक भी लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, अधिक पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दे रहे हैं। लगातार लू के संपर्क में आने से डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी का प्रकोप और बढ़ सकता है। विभाग ने अगले कुछ दिनों तक तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना जताई है। फिलहाल लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *