कुरुक्षेत्र, 20 मई। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के सहायक अभियंता राजेश वर्मा ने कहा कि जिला कुरुक्षेत्र में फसल अवशेष प्रबंधन स्कीम 2025-26 के तहत अनुदान पर प्रदान किये जाने वाले कृषि यंत्रों के लिए कुछ किसानों द्वारा अपने बिल डीलर के माध्यम से पोर्टल पर अपलोड किये गये थे, किंतु निर्माता द्वारा उन बिलो को पोर्टल पर अप्रूव नहीं किया गया था। ऐसे किसानों के लिये कृषि विभाग द्वारा एक और मौका दिया गया है। जिला कुरुक्षेत्र में ऐसे 8 किसानों के बिल विभिन्न निर्माताओं द्वारा पोर्टल पर अप्रूव किये गये है, जिनका भौतिक सत्यापन उपायुक्त कुरुक्षेत्र की अध्यक्षता वाली जिला स्तरीय कमेटी द्वारा दिनांक 22 मई को नई अनाज मंडी सलारपुर रोड, थानेसर में प्रात:: 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिला कुरुक्षेत्र के सभी 8 किसान अपने-अपने कृषि यंत्र भौतिक सत्यापन के लिए प्रात: 9 बजे नई अनाज मंडी में लेकर आएंगे। दूरभाष मोबाइल पर भी किसानों को सूचित किया जा रहा है। भौतिक सत्यापन उपरांत किसानों का अनुदान उनके बैंक खातों में कृषि मुख्यालय द्वारा डाला जाएगा। अनुपस्थित रहने वाले किसान को पुन: मौका नहीं दिया जाएगा।
