बहादुरगढ़। ऊर्जा बचत, आर्थिक मजबूती तथा पर्यावरणीय स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कार्पाेरेशन (डीएमआरसी) ने अधिकाधिक मेट्रो सेवाओं को अपनाने और यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा व सुगम आवागमन के लिए प्रभावी पहल की है। बढ़ती मांग को देखते हुए डीएमआरसी ने परिचालन संबंधी तैयारियां कर ली हैं।
सड़क परिवहन से मेट्रो की ओर संभावित रुझान को ध्यान में रखते हुए डीएमआरसी 18 मई से प्रत्येक सोमवार को छह अतिरिक्त ट्रेनों के माध्यम से 24 अतिरिक्त फेरे संचालित करेगी। अन्य दिनों में भी जरूरत पड़ने पर आवश्यकतानुसार सेवाएं बढ़ाई जाएंगी।
डीएमआरसी यात्रियों की संख्या में किसी भी संभावित वृद्धि पर लगातार निगरानी रखेगा ताकि आवश्यकता पर मांग के अनुरूप आवश्यक कदम उठाए जा सकें। अतिरिक्त यात्री क्षमता की सुचारू संभाल के लिए डीएमआरसी की ओर से अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती, अतिरिक्त टिकट काउंटरों का संचालन
अतिरिक्त डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर व बैगेज स्कैनर, फ्रिस्किंग प्वाइंट्स पर प्रतीक्षा समय कम करना, व्यस्त अवधि के दौरान यात्रियों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने जैसे कदम उठाएगी।
गंतव्य स्थलाें तक आसान होगी संपर्क सुविधा
दिल्ली मेट्रो का विस्तृत नेटवर्क रेलवे स्टेशनों, प्रमुख अंतरराज्यीय बस अड्डों, एयरपोर्ट टर्मिनल, नमो भारत क्षेत्रीय रेपिड ट्रांजिट सिस्टम, नोएडा मेट्रो तथा गुरुग्राम रेपिड मेट्रो के साथ सीधी व निर्बाध मल्टीमाडल कनेक्टिविटी प्रदान कर एक महत्वपूर्ण परिवहन जीवनरेखा के रूप में कार्य कर रहा है। यह एकीकृत परिवहन ढांचा यात्रियों को विभिन्न परिवहन प्रणालियों के बीच सुगमता से यात्रा करने में सक्षम बनाता है।
