इंद्री/ करनाल, 19 मई। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इंद्री में एचपीवी वैक्सीन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने एचपीवी वैक्सीन लगवा चुकी 18 छात्राओं को सम्मानित किया।

इस अवसर पर उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने जिला वासियों, विशेषकर अभिभावकों और छात्राओं से सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध सरकार द्वारा चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान में बढ़-चढक़र भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बच्चियां देश का भविष्य है और देश के भविष्य को सुरक्षित करना हम सबकी जिम्मेदारी है। इसलिए सभी पात्र लड़कियों को एचपीवी वैक्सीन जरूर लगवाएं।   यह वैक्सीन बच्चियों के सुरक्षित भविष्य के लिए एक बीमा के समान है। करनाल जिला इस मुहिम में पूरे प्रदेश में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

उपायुक्त ने स्वयं डॉक्टर होने के नाते इस विषय की गंभीरता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सर्वाइकल कैंसर एक जानलेवा बीमारी है और उन्होंने स्वयं ऐसे मरीजों की पीड़ा और उनके परिवारों पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव को देखा है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा यह वैक्सीन पूरी तरह मुफ्त लगाई जा रही है। उन्होंने एक आशा वर्कर का उदाहरण देते हुए बताया कि किस प्रकार बीमारी की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने निजी खर्च पर अपने बच्चों का टीकाकरण कराया था, जबकि अब सरकार इसे निशुल्क उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि एचपीवी वैक्सीन का कोई साइड इफेक्ट नहीं है। अब तक जिला में करीब 6500 बच्चियां यह टीका लगवा चुकी हैं।

उपायुक्त ने जिले वासियों से अपील की कि किसी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें, एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने अभिभावकों और बच्चियों से अपील की कि वे न केवल स्वयं इस मुहिम का हिस्सा बनें, बल्कि अपने आस-पास के अन्य पात्र बच्चों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी रोहताश वर्मा ने उपायुक्त का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इंद्री में 18 बच्चियों ने यह वैक्सीन लगवा ली है।  उन्होंने अभिभावकों व छात्राओं का आह्वान किया कि सरकार द्वारा चलाई जा रही इस मुहिम का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
इस अवसर पर एसडीएम डॉ. रमन गुप्ता, डीईओ रोहताश वर्मा, बीईओ गुरनाम सिंह, विद्यालय की प्राचार्या ज्योति खुराना, स्कूल स्टाफ, स्वास्थ्य विभाग की टीम सहित छात्राएं मौजूद रहीं।

बॉक्स: एचपीवी वैक्सीन लगवाने वाली और बोर्ड परीक्षाओं में अव्वल रही छात्राओं को किया सम्मानित

जागरूकता शिविर के दौरान उपायुक्त डॉ आनंद कुमार शर्मा ने विद्यालय की 18 छात्राओं को एचपीवी वैक्सीन लगवाने के लिए तथा 10वीं व 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं में अव्वल रही छात्राओं को स्मृति चिह्न व प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *