चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने सोमवार को विधानसभा समितियों के नव नियुक्त चेयरमैनों केसाथ बैठक कर उन्हें प्रभावशाली तथा जनकेंद्रित बनाने पर जोर दिया।

विधानसभा अध्यक्ष ने समितियों की कार्यप्रणाली को अधिक सुदृढ़ बनाने के सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि समितियों की बैठकों से पहले एजेंडे पर एडवांस योजना बनाएं और बैठक की एडवांस तैयारी करें। उन्होंने बैठकों के बाद प्रभावी रिपोर्टिंग व समितियों द्वारा दी जाने वाली सिफारिशों पर प्रभावी फालोअप लेने पर भी जोर दिया।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि समितियों का प्रभावी ढंग से कार्य करना जरूरी है। समितियां विधानसभा सचिवालय, प्रदेश सरकार तथा कैग के बीच तालमेल बैठाएं। सरकार के संबंधित विभागों की ओर से समय पर जवाब मंगवाना सुनिश्चित करें।

हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि समितियों की बैठकों में सदस्यों की प्रभावी उपस्थिति सुनिश्चित करनी होगी। कमेटियों की कार्यप्रणाली को सुदृढ़ कर ही प्रशासन को विधायिका के प्रति उत्तरदायी बनाया जा सकता है। बैठक में विधानसभा उपाध्यक्ष डा. कृष्ण लाल मिढा समेत करीब डेढ़ दर्जन समितियों के सभापति शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *