कुरुक्षेत्र, 18 मई। जिला एवं सत्र न्यायाधीश कुरुक्षेत्र दिनेश कुमार मित्तल के मार्गदर्शन में तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कुरुक्षेत्र की सीजेएम एवं सचिव नीतिका भारद्वाज के दिशानिर्देशानुसार एडीआर सेंटर, कुरुक्षेत्र में प्लास्टिक मुक्त हरियाणा, हरित आज सुरक्षित कल – प्रदूषण नियंत्रण, प्लास्टिक में कमी एवं जल संरक्षण अभियान के तहत सफाई कर्मचारियों के लिए एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कुरुक्षेत्र की सीजेएम एवं सचिव नीतिका भारद्वाज ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी को इस अभियान के प्रति जागरूक होना चाहिए तथा समाज में भी अधिक से अधिक जागरूकता फैलानी चाहिए।
नगरपालिका समिति के आईईसीटीएस वीरेंद्र कुमार द्वारा सभी सफाई कर्मचारियों को प्लास्टिक के पुनर्चक्रण, कचरे के पृथक्करण तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि किस प्रकार प्लास्टिक को पुन: उपयोग में लाया जा सकता है तथा स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त वातावरण बनाने में सभी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अभियान धरती की सुंदरता हमारी जिम्मेदारी के तहत अभियान में सहयोग देने वाले सफाई कर्मचारियों को प्रशंसा प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा एमडीडी एनजीओ के सहयोग से सभी सफाई कर्मचारियों को मास्क एवं दस्ताने भी वितरित किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *