कुरुक्षेत्र, 18 मई। जनगणना-2027 कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा के निर्देशानुसार जनगणना कार्य में ग्राम सभाओं द्वारा गांववासियों से सहयोग सुनिश्चित करने के लिए सरपंचों से संपर्क स्थापित किया गया। वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से की गई बैठक में जनगणना से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
सोमवार को पंचायत भवन में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस की अध्यक्षता जिला परिषद कुरुक्षेत्र के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विरेन्द्र चौधरी ने की। उन्होंने कहा कि उपायुक्त महोदय का आह्वान है कि विकास योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के समुचित वितरण एवं विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए जनगणना-2027 का कार्य राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। इसलिए जिले के सभी सरपंच  जनगणना के महत्व के संबंध में ग्रामवासियों को जागरूक करें और उन्हें सही व पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाने के लिए प्रेरित करें। जनगणना कर्मचारियों को क्षेत्र में सुगम पहुंच घरों की पहचान एवं कार्य के सुचारू संचालन हेतु आवश्यक सहयोग प्रदान करें।
उन्होंने कहा कि राज्य में 1 से 30 मई तक जनगणना के प्रथम चरण एचएलओ (हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन) का कार्य किया जा रहा है। इसके अंतर्गत मकानों की गणना कर उन्हें सूचीबद्ध किया जा रहा है। इस चरण सहित जनगणना कार्यक्रम को पूर्णतया सफल बनाने में पंचायतों की अहम भूमिका रहेगी। वीडियो कॉन्फ्रेंस में जनगणना के संपूर्ण डाटा की जिला स्तरीय निगरानी अधिकारी ने बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित किया। उन्होंने जनगणना कार्य को गंभीरता, पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनगणना कार्य को समय पर पूर्ण करने तथा पंचायत प्रतिनिधियों को ग्राम पंचायत स्तर पर जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों की हर संभव सहायता करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि ऑनलाइन बैठक में निकट भविष्य में होने वाली मतदाता सूची के रिवीजन कार्यक्रम के लिए पंचायत प्रतिनिधियों को जागरूक किया गया। बैठक में आपसी समन्वय, सहयोग एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने पर विशेष जोर दिया गया। इस ऑनलाइन बैठक में उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी कृष्ण लाल, समस्त बीडीपीओ, जिले की सभी 403 ग्राम पंचायतों के सरपंचों एवं 288 ग्राम सचिवों ने सहभागिता सुनिश्चित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *