करनाल, 18 मई।  महिला एवं बाल विकास विभाग तथा जिला बाल संरक्षण यूनिट की ओर से सोमवार को सेक्टर 12 में पेट्रोल पंप के नजदीक पाठक अस्पताल के सामने मलिन बस्तियों (स्लम एरिया) के बच्चों के पुनर्वास के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 98 बच्चों के स्वास्थ्य की जांच की गई।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग, श्रम विभाग, जिला रेडक्रॉस सोसायटी, नागरिक संसाधन सूचना विभाग (क्रीड), शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, बाल संरक्षण यूनिट आदि की ओर से अलग-अलग काउंटर स्थापित किए गए थे। डब्ल्यूसीडी की ओर से 72 बच्चे चिह्नित किए गए थे, लेकिन आज 98 बच्चों का रजिस्ट्रेशन किया गया। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य योजना के तहत स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टरों द्वारा बच्चों का रक्तचाप, वजन, ऊंचाई, सिर व बाजू का नाप के अलावा जन्मजात विकारों यथा-दिल में छेद आदि की जांच की गई। इस दौरान गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए बच्चों का टीकाकरण भी किया गया।
शिविर में पहुंचे चर्म व दंत रोग के तीन बच्चों को सिविल अस्पताल रेफर किया गया।  क्रीड की ओर 25 बच्चों के मौके पर ही आधार कार्ड बनाए गए। शिविर में शून्य से छह साल के 56 बच्चे आए जिनमें से 7 को मौके पर ही आंगनबाड़ी केंद्रों में भेजा गया। संबंधित विभाग को अब इनका आंगनबाड़ी केंद्र में दाखिला सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा 14-15 साल की युवतियों को एचपीवी वैक्सीन के प्रति जागरूक किया गया। सभी 98 बच्चों की एचआईवी काउंसलिंग की गई। जिला रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से बच्चों को अल्पाहार वितरित किया गया।

 20 व 21 मई को भी लगेंगे विशेष शिविर
उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि 20 व 21 मई को सेक्टर 33 के न्यू कम्युनिटी सेंटर में भी शिविर स्लम क्षेत्र के बच्चों के लिए शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इन विशेष शिविरों का मुख्य उद्देश्य निराश्रित, बेसहारा, भिक्षावृति, बालश्रम जैसी परिस्थितियों में सडक़ पर रहने वाले बच्चों को समाज की मुख्य धारा में लाना है। दस्तावेज तैयार होने के बाद ये बच्चे सरकार की विभिन्न योजनाओं का भी फायदा उठा सकते हैं। करनाल में ऐसे करीब 350 बच्चों की पहचान की गई है। उन्होंने कहा कि शिविर में बच्चों के साथ आने वाली महिलाएं भी स्वास्थ्य जांच करा सकती हैं।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *