लाडवा, 18 मई। एसडीएम अनुभव मेहता ने कहा कि भारत सरकार द्वारा राज्य में देशव्यापी जनगणना का कार्य किया जा रहा है। इस दौरान प्रशासन द्वारा अधिकृत प्रगणक घर-घर पहुंचकर नागरिकों से आवश्यक सामान्य जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। आमजन गणना कर्मियों का सहयोग करें और उन्हें सटीक और नवीनतम जानकारी दें। गणना कर्मियों के पहचान पत्र अवश्य देखें और बैंक अकाउंट संबंधी कोई जानकारी साझा न करें।
एसडीएम अनुभव मेहता ने कहा कि जनगणना एक राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। स्व-गणना के चरण के बाद प्रगणकों द्वारा अब घर-घर जाकर गणना का कार्य किया जा रहा है जो कि 30 मई तक पूरा किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों द्वारा दी गई सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और इसे किसी भी व्यक्ति या संस्था के साथ साझा नहीं किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि जनगणना कार्य में पूर्ण सहयोग प्रदान करें तथा जानकारी देते समय सजग रहें। अधिकारियों द्वारा आधार कार्ड नंबर, पैन कार्ड नंबर, बैंक खाता विवरण या किसी भी प्रकार की ओटीपी की जानकारी नहीं पूछी जाएगी। इसके साथ ही नागरिकों से कहा गया है कि जानकारी देने से पहले संबंधित अधिकारी का परिचय पत्र अवश्य जांच लें। प्रशासन द्वारा जनगणना कार्य को सफल बनाने के लिए सभी नागरिकों से सहभागिता एवं सहयोग की अपेक्षा की।
एसडीएम अनुभव मेहता ने कहा कि जनगणना एक राष्ट्रीय दायित्व है। इसी के आधार पर देश के विकास की नीतियां और संसाधनों का वितरण तय होता है। उन्होंने सचेत किया कि जनगणना अधिकारियों को जानकारी देने से मना करना या उनके साथ असहयोग करना जनगणना अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है। जनगणना 2027 से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए आमजन राष्ट्रीय टोल-फ्री हेल्पलाइन 1855 पर सम्पर्क कर सकते हैं। इस टोल फ्री हेल्पलाईन के माध्यम से अपने गृह पंजीकरण और आवास जनगणना कार्यों से संबंधित किसी भी प्रश्न का उत्तर अपनी भाषा में प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रगणक भवन नंबर या जनगणना नंबर, मकान नंबर, मकान के फर्श में इस्तेमाल प्रमुख सामग्री, (यानी कि फर्श सीमेंट का है, ग्रेनाइट है, मार्बल है), मकान की दीवार में इस्तेमाल सामग्री, मकान की छत में इस्तेमाल सामग्री, मकान का इस्तेमाल, मकान की हालत, परिवार क्रमांक, परिवार के सदस्यों की संख्या, परिवार के मुखिया का नाम, परिवार के मुखिया का लिंग, जाति, (सामान्य, अनुसूचित जाति, जनजाति, ओबीसी), मकान के स्वामित्व की स्थिति, मकान में कमरों की संख्या, विवाहित दंपतियों की संख्या, पेयजल का सोर्स, पेयजल की उपलब्धता, बिजली का सोर्स, शौचालय की उपलब्धता, शौचालय का प्रकार, गंदे पानी की निकासी, स्नानघर की उपलब्धता, गैस कनेक्शन, खाना पकाने का मुख्य ईंधन, रेडियो/ट्रांजिस्टर / टीवी, इंटरनेट की सुविधा, लैपटॉप /कंप्यूटर, टेलीफोन/मोबाइल/स्मार्ट फोन, साइकिल/स्कूटर/मोटरसाइकिल, कार/ जीप / वैन, मुख्य अनाज तथा मोबाइल नंबर सहित 33 सवाल पूछे जाएगें।
