करनाल, 18 मई। लीलावती धाम के भव्य उद्घाटन के उपलक्ष्य में आयोजित विशाल श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव का शुभारंभ सोमवार को भक्तिमय वातावरण के बीच बड़े ही धूमधाम से हुआ। इस अवसर पर निकाली गई भव्य कलश यात्रा ने पूरे रुक्मिणी विहार को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। यात्रा में महिलाओं, उद्योगपतियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरा वातावरण राधे-राधे और जय श्रीकृष्ण के जयघोष से गूंज उठा। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण एवं विशेष पूजन के साथ हुई, जहां ब्राह्मणों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर लीलावती धाम का शुभ उद्घाटन करवाया। इसके बाद लक्ष्मी धाम, रुक्मिणी विहार वृंदावन से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में महिलाएं सिर पर कलश धारण कर धार्मिक भजनों पर झूमती नजर आईं, वहीं बैंड-बाजों और ढोल नगाड़ों की मधुर धुनों ने माहौल को और भी भक्तिमय बना दिया। सुप्रसिद्ध कथाव्यास परम पूज्य श्री विवेक जी महाराज रथ पर सवार होकर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते हुए यात्रा में शामिल हुए। कलश यात्रा ने विभिन्न मार्गों से परिक्रमा की, जहां जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। श्रीराम राइस ग्रुप से जुड़े सिंगला परिवार के सदस्यों ने भी धार्मिक भजनों पर नृत्य कर भक्ति की अद्भुत छटा बिखेरी। इसके बाद कथा महोत्सव के प्रथम दिन कथा पंडाल में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। कथा के दौरान परम पूज्य श्री विवेक जी महाराज ने श्रीमद्भागवत कथा का रसपान करवाते हुए भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का सुंदर वर्णन किया। भजन संध्या के दौरान श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर भाव-विभोर नजर आए। श्रीराम राइस ग्रुप के निर्देशक लाला साधुराम सिंगला ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को संस्कार, सेवा और मानवता का संदेश देने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं से जोड़ने का कार्य होता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से सपरिवार पहुंचकर कथा श्रवण एवं भजन संध्या का लाभ लेने की अपील की। वहीं उद्योगपति रविंद्र सिंगला ने कहा कि वृंदावन की पावन धरा पर आयोजित यह कथा महोत्सव सभी श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा और आत्मिक शांति का केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि भगवान की भक्ति से ही जीवन में सच्चा सुख और शांति प्राप्त होती है तथा ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में भाईचारा और सकारात्मकता बढ़ती है। इस अवसर पर उद्योगपति लाला साधुराम सिंगला, रविंद्र सिंगला, प्रमोद सिंगला, विजय सिंगला, संजय सिंगला, राकेश सिंगला, महेश सिंगला, बृजभूषण गोयल, देवेंद्र सिंगला, साहिल सिंगला, रजत सिंगला, बृजमोहन, नीरज, दीपक, अभिषेक, भव्य, सुशील कुमार, भूपेंद्र, प्रेमचंद, बालकृष्ण त्रिपाठी, पंडित आचार्य शुभम शास्त्री, मास्टर अमन शर्मा, सविता सिंगला, सुनीता, सीमा सिंगला, मीनू, गीतिका सिंगला, पलक सिंगला, सोनिया सिंगला, दीप्ती सिंगला, सुषमा, सुधा, पिंकी, शशि, रेखा समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *