चंडीगढ़। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. भजनलाल को लेकर दिए गए बयान से पैदा हुआ राजनीतिक विवाद अब शांत होता नजर आ रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को कहा कि चौधरी भजनलाल हरियाणा की राजनीति के बेहद सम्मानित नेता रहे हैं और प्रदेश को आगे बढ़ाने में उनका बहुत बड़ा योगदान रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चौधरी भजनलाल की कार्यशैली हमेशा जनहित और विकास केंद्रित रही। चौधरी भजनलाल हमारे लिए बहुत सम्मानित हैं। हम सब उनका बहुत सम्मान करते हैं। मुख्यमंत्री के इस बयान को बीजेपी की ओर से बिश्नोई समाज को सकारात्मक संदेश देने के तौर पर देखा जा रहा है।
कई कार्यकर्ताओं और राजनेताओं ने जताई नाराजगी
हाल ही में राज्यसभा सदस्य रेखा शर्मा के एक बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में विवाद खड़ा हो गया था। विपक्षी दलों के साथ-साथ बिश्नोई समाज के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसे चौधरी भजनलाल के सम्मान से जोड़ते हुए नाराजगी जताई थी।
इसी कड़ी में सांसद रेखा शर्मा ने भी अपने बयान पर खेद जताया। उन्होंने कहा कि उनका वक्तव्य किसी व्यक्ति विशेष पर टिप्पणी नहीं था, बल्कि एक राजनीतिक व्यवस्था के संदर्भ में दिया गया था। रेखा शर्मा ने स्पष्ट किया कि चौधरी भजनलाल जमीनी और सम्मानित मुख्यमंत्री रहे हैं। बीजेपी नेता कुलदीप बिश्नोई ने पूरे मामले में संतोष जताते हुए अपने समर्थकों से भावनात्मक अपील की।
संगठन की मजबूती पर करना होगा काम
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और सांसद रेखा शर्मा द्वारा स्थिति स्पष्ट किए जाने के बाद अब सभी मतभेद समाप्त कर संगठन को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए।
