करनाल, 15 मई।  मेरा युवा भारत करनाल की जिला युवा अधिकारी अंजली चौधरी ने बताया कि मेरा युवा भारत युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा देश के सीमावर्ती गांवों के समग्र विकास, युवाओं की भागीदारी एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को सशक्त बनाने के उद्देश्य से विकसित वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम 2026 का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम विशेष रूप से सीमावर्ती क्षेत्रों के गांवों में युवाओं को विकास, संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण एवं सामुदायिक नेतृत्व से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सीमावर्ती गांवों की संस्कृति, परंपराओं, चुनौतियों एवं विकासात्मक गतिविधियों से परिचित करवाना है, ताकि उनमें राष्ट्र सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा ग्रामीण विकास के प्रति जागरूकता उत्पन्न हो सके। इस कार्यक्रम के अंतर्गत युवाओं को सीमावर्ती क्षेत्रों में जाकर स्थानीय समुदायों के साथ संवाद, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों, ग्राम विकास कार्यों तथा सामुदायिक सहभागिता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने का अवसर प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम युवाओं में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना एवं सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का कार्य करेगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान युवाओं को ग्रामीण जीवन शैली, स्थानीय कला एवं संस्कृति, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा आत्मनिर्भर भारत एवं विकसित भारत-2047 के विजन से संबंधित विषयों पर भी जानकारी दी जाएगी। इसके अतिरिक्त सामुदायिक विकास, पर्यावरण जागरूकता एवं जनभागीदारी आधारित गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

जिला युवा अधिकारी ने जिला के युवाओं से अपील की कि वे इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में बढ़-चढक़र भाग लें तथा विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। इच्छुक युवा माय भारत पोर्टल पर जाकर कार्यक्रम से संबंधित जानकारी प्राप्त कर पंजीकरण कर सकते हैं।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *