करनाल, 15 मई। मेरा युवा भारत करनाल की जिला युवा अधिकारी अंजली चौधरी ने बताया कि खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग हरियाणा सरकार द्वारा माय भारत पोर्टल के माध्यम से सार्वजनिक वितरण प्रणाली विषय पर 11 से 15 मई तक 5 दिवसीय अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 5 युवाओं ने भाग लेते हुए विभागीय कार्यप्रणाली का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया।
उन्होंने बताया कि शिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की विभिन्न गतिविधियों जैसे किसानों का पंजीकरण, गेट पास प्रणाली, मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल, मंडी संचालन, खाद्यान्न खरीद प्रक्रिया, एफसीआई एवं हैफेड की कार्यप्रणाली, आढ़तियों की भूमिका, वेयरहाउस एवं स्टॉक प्रबंधन आदि की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त प्रतिभागियों को मंडी एवं गोदामों का फील्ड विजिट करवाकर गेहूं के सुरक्षित भंडारण, दवाइयों के उपयोग एवं गुणवत्ता नियंत्रण प्रक्रियाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन भी कराया गया।
उन्होंने बताया कि ऐसे अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम युवाओं को शासन व्यवस्था, जनहितकारी योजनाओं एवं विभागीय कार्यों से जोडऩे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। भविष्य में भी विभिन्न विभागों के सहयोग से युवाओं के लिए इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी ए.एफ.एस.ओ. घरौंडा सुभाष चंद ने बताया कि यह कार्यक्रम युवाओं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हुआ तथा इससे उन्हें सार्वजनिक वितरण प्रणाली एवं प्रशासनिक कार्यप्रणाली को समझने का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ। उन्होंने माय भारत करनाल की टीम एवं विशेष रूप से वॉलंटियर सुजाता के उत्कृष्ट समन्वय एवं कार्यक्रम संचालन की सराहना की।
