कुरुक्षेत्र, 15 मई (): पूज्य गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज जी के पावन जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सेवास्वामी ज्ञानानंद-सद्भावना एवं जनकल्याण कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत आज प्रातः लोकनायक जयप्रकाश नागरिक अस्पताल, कुरुक्षेत्र में उपचाराधीन मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए फल वितरण सेवा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अस्पताल परिसर में श्रद्धा, सेवा एवं मानवता का भाव विशेष रूप से देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान मरीजों को फल वितरित कर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ एवं सुखद जीवन की कामना की गई। उपस्थित श्रद्धालुओं एवं समाजसेवियों ने कहा कि पूज्य गुरुदेव की प्रेरणा से सेवा कार्य निरंतर समाजहित में संचालित किए जा रहे हैं तथा जरूरतमंदों की सेवा ही सच्ची मानव सेवा है।
इस सेवा कार्य में प्रसिद्ध व्यवसायी महाबीर मंढान, श्री कृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार के प्रधान डॉ. ऋषि पाल, श्री कृष्ण कृपा गौशाला के प्रधान सुनील वत्स, उपप्रधान राजकुमार, पी.एम.ओ. डॉ. सारा अग्रवाल, युवा प्रमुख रविंद्र कुमार, साहब सिंह, अतुल कौशिक, विकास मलिक, लोकेश धवन सहित अन्य श्रद्धालु एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
अस्पताल प्रशासन ने भी इस सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं सामाजिक सेवा कार्य समाज में सकारात्मक ऊर्जा एवं सहयोग की भावना को बढ़ावा देते हैं। श्रद्धालुओं ने मरीजों से मिलकर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उन्हें फल एवं प्रसाद वितरित किया।
समिति की ओर से बताया गया कि पूज्य गुरुदेव के पावन जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में सेवा, सत्संग एवं भक्ति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु सहभागिता निभा रहे हैं।
