चंडीगढ़। इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने केंद्र सरकार द्वारा धान के न्यूनतम समर्थन मूल्य में की गई बढ़ोतरी को बेहद कम बताया है। सामान्य धान का समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल घोषित किया गया है, जो पिछले वर्ष के समर्थन मूल्य 2369 रुपये के मुकाबले मात्र 72 रुपये प्रति क्विंटल अधिक है।

अभय चौटाला ने कहा कि धान की कुल औसत लागत (सी-2) 2162 रुपये प्रति क्विंटल बनती है। अगर इसकी सी-2 प्लस 50 प्रतिशत फार्मूले के आधार पर गणना की जाए तो न्यूनतम समर्थन मूल्य 3243 रुपये प्रति क्विंटल बनता है।

मगर भाजपा सरकार ने जानबूझकर ए-2 प्लस एफएल लागत के आधार पर सामान्य धान का समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल घोषित कर किसानों का 802 रुपये प्रति क्विंटल का आर्थिक नुकसान किया है।

क्या बोले अभय चौटाला?

अभय चौटाला ने कहा कि लौह पुरुष स्व. ओमप्रकाश चौटाला सदैव कहा करते थे कि इस देश की असली ताकत खेत, किसान और मेहनतकश जनता है। अगर समय रहते देश के किसान को मजबूत किया होता, खेती को उद्योगों जितना सम्मान और समर्थन दिया होता, फसलों के सही दाम दिए होते, सस्ती खाद-बीज, पानी और बिजली की गारंटी दी होती, तो आज जनता को परेशान होने की जरूरत नहीं होती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *