करनाल 13 मई,        जिला नगर आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा के नेतृत्व में सी.एम. विंडो पोर्टल पर नागरिकों द्वारा दर्ज शिकायतों के त्वरित निपटान को लेकर किए जा रहे लगातार प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। शिकायतों के समाधान की दिशा में तेजी से कार्य करने पर प्रदेश सरकार द्वारा जिला की नगर पालिका एवं नगर निगम करनाल की टीम की सराहना की गई है।
नगर निगम के संयुक्त आयुक्त-सह-सी.एम. विंडो पोर्टल के नोडल अधिकारी दलजीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला नगर आयुक्त कार्यालय के अंतर्गत आने वाली 6 नगर पालिकाओं में कुल 157 शिकायतें लंबित पड़ी थीं। इन शिकायतों के समाधान को लेकर गत सप्ताह जिला नगर आयुक्त द्वारा समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें संबंधित अधिकारियों को कम से कम 50 प्रतिशत शिकायतों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। आयुक्त के निर्देशों की पालना करते हुए संबंधित नगर पालिका सचिवों ने गंभीरता से कार्य करते हुए मात्र एक सप्ताह के भीतर ही सभी 157 लंबित शिकायतों का शत-प्रतिशत निपटान कर दिया।
इसी प्रकार नगर निगम करनाल क्षेत्र में 170 शिकायतें लंबित थीं, जिनमें से 106 शिकायतों का समाधान करते हुए उनका निपटान कर दिया गया है। वर्तमान में केवल 64 शिकायतें लंबित हैं, जिन पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई पूर्ण होते ही संबंधित शिकायतों की एक्शन टेकन रिपोर्ट (ए.टी.आर.) सी.एम. विंडो पोर्टल पर अपलोड कर दी जाएगी।
संयुक्त आयुक्त ने बताया कि नगर निगम करनाल क्षेत्र में अब तक सी.एम. विंडो पोर्टल पर कुल 2671 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इनमें से 2491 शिकायतों का समाधान कर उनका निपटान किया जा चुका है। शेष 180 शिकायतों में से 116 की ए.टी.आर. पोर्टल पर अपलोड की जा चुकी है, जबकि बाकी 64 शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई जारी है।
उन्होंने आगे बताया कि नगर पालिका क्षेत्र में अब तक कुल 204 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 94 शिकायतों का निपटान कर दिया गया है, जबकि 110 शिकायतों की ए.टी.आर., सी.एम. विंडो पोर्टल पर अपलोड कर दी गई है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक शिकायत पर पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ कार्रवाई करते हुए पोर्टल पर समय पर एक्शन टेकन रिपोर्ट अपलोड की जाए, ताकि आमजन को त्वरित राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *