चंडीगढ़। प्रदेश के सात शहरों में छोटी सरकार का निर्णय बुधवार को होगा। सुबह आठ बजे मतगणना शुरू होगी। दोपहर बाद तक विजेताओं की तस्वीर साफ हो जाएगी।

अंबाला, पंचकूला और सोनीपत में मेयर-पार्षद और रेवाड़ी नगर परिषद तथा सांपला, धारूहेड़ा एवं उकलाना नगर पालिकाओं में अध्यक्ष व वार्ड सदस्यों के लिए रविवार को मतदान हुआ था।

केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही मिलेगा प्रवेश

इसके बाद से ही इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनें (ईवीएम) स्ट्रांग रूम में रखी गई हैं। राज्य निर्वाचन आयुक्त देवेंद्र कल्याण ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारियों एवं रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा प्रत्येक चरण की निगरानी की जाएगी। मतगणना केंद्रों पर केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी।

केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। ईवीएम मशीनों को स्ट्रांग रूम से मतगणना केंद्रों तक लाने तथा मतगणना उपरांत पुनः सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के दौरान विशेष पुलिस सुरक्षा उपलब्ध करवाई जाएगी।

सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

मतगणना केंद्रों के आसपास हथियारों एवं संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम के लिए विशेष जांच अभियान चलाए जाएंगे। मतगणना केंद्रों के निकट अनावश्यक भीड़ एकत्रित होने की अनुमति नहीं होगी।

शोर-शराबा या व्यवधान उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूर्ण सतर्कता एवं तत्परता बनाए रखने को कहा गया है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *