कुरुक्षेत्र, 12 मई। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि जनगणना कार्यों में लगे सभी सुपरवाईजरों को लगन और ईमानदारी से कार्य करना होगा। इस जनगणना के लिए जिस भी कर्मचारी को जो भी जिम्मेवारी सौंपी गई है उसे तय समय में पूरे तथ्यों के साथ पूरा करें।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी राजेश कुमार मंगलवार को नगर परिषद कार्यालय में  जनगणना-2027 को लेकर सुपरवाईजरों की एक बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। यह जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी सुपरवाइजर एवं प्रणकों को निर्देश दिए कि मकान सूचीकरण एवं मकान गणना के कार्य में तेजी लाते हुए 20 मई तक शत-प्रतिशत कार्य पूरा करें।
उन्होंने कहा कि सभी फील्ड में आमजन को भी जनगणना के महत्व के बारे में समझाए और ऑनलाइन अपना डाटा भरने के लिए जागरूक करें। सचिव अरविंद कुमार व जिला समन्वयक मंजू ने बताया कि बैठक में जनगणना के सभी पहलुओं पर विस्तार पूर्वक चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि  जनगणना के माध्यम से प्राप्त आंकड़े सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। इस बैठक में एचएलबीए एप पर कार्य प्रगति की समीक्षा की गई तथा प्रतिदिन की रिपोर्ट अपडेट करने के निर्देश भी दिए गए। बेहतर कार्य करने वाले प्रगणकों को एवं सुपरवाईजरों को प्रशासन द्वारा सम्मानित भी किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *