करनाल, 11 मई। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. सतपाल ने बताया कि हरियाणा योग आयोग तथा आयुष विभाग के संयुक्त तत्वाधान में महानिदेशक आयुष संजीव वर्मा के आदेशानुसार एवं उपायुक्त आनंद कुमार शर्मा के दिशा-निर्देशन में सोमवार को पुलिस लाइन में पांच दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारनिया के मार्गदर्शन में आयोजित यह कार्यक्रम आगामी 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है।
 उन्होंने बताया कि आयुष विभाग के योग विशेषज्ञ एवं हरियाणा योग आयोग के नोडल अधिकारी डॉ. अमित पुंज की देखरेख में पुलिस कर्मियों को अंतर्राष्ट्रीय योग प्रोटोकॉल का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 15 मई तक चलाया जाएगा। कार्यक्रम के प्रथम दिन मुख्य अतिथि के रूप में लाइन ऑफिसर सब-इंस्पेक्टर बलवान सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में चीफ ड्रिल इंस्ट्रक्टर सब-इंस्पेक्टर बिजेंद्र कुमार उपस्थित रहे। शिविर के पहले दिन 67 पुलिस कर्मियों ने अंतर्राष्ट्रीय योग प्रोटोकॉल के अनुसार उत्साहपूर्वक अभ्यास किया। आज के सत्र में योग विशेषज्ञ डॉ. अमित पुंज, योग इंस्ट्रक्टर राजेश, अजय और कांता ने विधिवत योगाभ्यास कराया।
 कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बलवान सिंह ने कहा कि योग को केवल स्वयं तक सीमित न रखें, बल्कि अपने परिवार के साथ मिलकर प्रतिदिन योगाभ्यास करें। इससे न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य सुधरेगा, बल्कि परिवार में भी सकारात्मक वातावरण बनेगा। विशिष्ट अतिथि बिजेंद्र कुमार ने सुझाव दिया कि प्रत्येक पुलिस कर्मी को रात को सोने से पहले शवासन का अभ्यास अवश्य करना चाहिए, ताकि ड्यूटी की मानसिक और शारीरिक थकान को तुरंत दूर कर शरीर और मन को तरोताजा किया जा सके। इस मौके पर योग विशेषज्ञ डॉ. अमित पुंज ने बताया कि पुलिस बल की व्यस्त कार्यशैली में षट्कर्म, सूक्ष्म व्यायाम, आसन, प्राणायाम और ध्यान एक सुरक्षा कवच की तरह कार्य करते हैं।
उन्होंने बताया कि षट्कर्म शरीर की आंतरिक शुद्धि की प्रक्रिया है जो रोगों से लड़ने की शक्ति प्रदान करती है। सूक्ष्म व्यायाम शरीर के जोड़ों को सक्रिय करने वाले अभ्यास हैं जो रक्त संचार बताते हैं। शरीर को स्थिरता और लचीलापन प्रदान करने वाली मुद्राएं, श्वास पर नियंत्रण के अभ्यास, जो फेफड़ों को मजबूत और मन को शांत करते हैं। सोने से पहले इसका अभ्यास शरीर को गहन विश्राम देता है। मानसिक स्पष्टता और बेहतर एकाग्रता के लिए प्रभावी क्रिया हैं।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *