पंचकूला। शहर के बुजुर्ग दंपती के साथ लाखों की ठगी का मामला प्रकाश में आया है। सेक्टर-21 में रहने वाले दंपती को डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर लगभग 14 लाख रुपये ठग लिए गए। साइबर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि वह सरकारी विभाग से रिटायर हैं। उन्हें एक फोन आया, जिसमें कहा गया कि उनका आधार कार्ड मनी लाॅन्ड्रिंग मामले में इस्तेमाल हुआ है।

इसके बाद ठग वीडियो काॅल के माध्यम से लगातार संपर्क में रहे और फर्जी एफआईआर, नोटिस व कानूनी दस्तावेज भेजकर उन्हें डराते रहे। आरोपितों ने कहा कि जांच के लिए रकम जमा करनी होगी, जो 72 घंटे बाद वापस कर दी जाएगी।
ठगों ने दंपती को किसी से बात नहीं करने दिया और पहले ज्वेलरी पर लोन लेने के लिए दबाव बनाया। लोन नहीं मिलने पर उनकी बचत की रकम ट्रांसफर करवाई गई। तीन अप्रैल को 4.50 लाख आरटीजीएस से भेजे गए।
इसके बाद महिला ने करीब 9.50 लाख रुपये की ज्वेलरी बेचकर नौ अप्रैल को रकम ट्रांसफर कर दी। बाद में बेटी से बातचीत के दौरान साइबर ठगी का खुलासा हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *