चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को बंगाल के सीएम के रूप में सुवेंदु अधिकारी के दायित्व ग्रहण समारोह के साक्षी बने तो रविवार को असम में हिमंत बिस्वा सरमा को मुख्यमंत्री के रूप में चुने जाने के लिए सह पर्यवेक्षक की भूमिका में नजर आए।

भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व की निगाह में निरंतर लोकप्रियता हासिल कर रहे नायब सैनी का दिल्ली, राजस्थान, बिहार, मध्यप्रदेश, असम और बंगाल की जीत में अहम योगदान रहा है। नायब सैनी इन राज्यों की जितनी विधानसभा सीटों पर चुनाव प्रचार के लिए गए, वहां भाजपा उम्मीदवारों की जीत हुई।
भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने नायब सिंह सैनी को अब पंजाब में जीत की भूमिका तैयार करने का टास्क सौंप रखा है। इसे पूरा करने की कड़ी में नायब सैनी हर रोज न केवल पंजाब के नेताओं व कार्यकर्ताओं से चंडीगढ़ में मुलाकात कर रहे हैं, बल्कि स्वयं पंजाब जाकर वहां धार्मिक, सामाजिक व राजनीतिक कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं।

भाजपा नेतृत्व ने असम में जगत प्रकाश नड्डा को केंद्रीय पर्यवेक्षक और नायब सिंह सैनी को सह पर्यवेक्षक बनाकर भेजा था। नड्डा और सैनी की मौजूदगी में हिमंता बिस्वा सरमा को असम का भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने हिमंता बिस्वा सरमा को असम का सीएम बनने पर बधाई दी। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। जेपी नड्डा और नायब सैनी दोनों गुवाहटी स्थित माता कामाख्या देवी के मंदिर में गए और पूजा अर्चना की। एक पर्यटन स्थल पर हिमंत बिस्वा सरमा भी नड्डा और नायब के साथ पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने बंगाल में सुवेंदु अधिकारी और असम में हिमंता बिस्वा सरमा के मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि अब पंजाब की बारी है। पंजाब के लोग पहले कांग्रेस से तंग थे और अब आम आदमी पार्टी की सरकार से तंग आ चुके हैं। उन्हें केंद्र की मोदी सरकार और हरियाणा की भाजपा सरकार के विकास का माडल बहुत पसंद आ रहा है। इसलिए वह दिन दूर नहीं, जब पंजाब में भी भाजपा की डबल इंजन की सरकार जनता के हित में काम करेगी।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *