कुरुक्षेत्र, 10 मई। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के केयू सीनियर सेकेंडरी मॉडल स्कूल के खेल मैदान में शनिवार को केयू गैर-शिक्षक कर्मचारी के 5वें टी-20 प्रतियोगिता के अनौपचारिक मैच के फाइनल मुकाबले में स्टार क्रिकेट क्लब ने केयूके स्पार्टन को 10 विकेट से हराकर चैम्पियन का खिताब अपने नाम किया। टॉस जीतकर स्टार क्रिकेट क्लब ने केयूके स्पार्टन को पहले बल्लेबाजी करने का मौका दिया। वहीं पावर प्ले में धीमी शुरुआत के बाद स्पार्टन टीम ने 5 विकेट खोकर 131 रन बनाए जिसमें अंशुल शर्मा ने 54 रन की शानदार पारी खेली। स्टार क्रिकेट क्लब की ओर से शानदार गेंदबाजी करते हुए भारत कल्याण ने 2 तथा सागर, शिवम व संदीप जांगड़ा ने 1-1 विकेट लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्टार क्रिकेट क्लब की टीम के ओपनर बल्लेबाज राहुल धीमान व विजय जांगड़ा की ओपनर जोड़ी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 15वें ओवर में लक्ष्य को प्राप्त कर अपनी टीम को एकतरफा जीत दिलाई। राहुल धीमान ने आक्रमक बल्लेबाजी करते हुए 84 रन बनाए जिसमें 9 चौके व 5 छक्के लगाए। वहीं विजय जांगड़ा ने 42 गेंदों में 44 रन की नाबाद पारी खेली जिसमें 7 चौके शामिल रहे। राहुल धीमान को मैन ऑफ द मैच के साथ प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज व मैन ऑफ द सीरीज का भी पुरस्कार मिला। वहीं स्टार क्रिकेट कल्ब के भारत कल्याण को प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का खिताब मिला।
पुरस्कार वितरण समारोह में बतौर मुख्यातिथि वरिष्ठ क्रिकेटर एवं केयू उपकुलसचिव, विनोद वर्मा ने विजेता टीम को मुख्य ट्रॉफी प्रदान करते हुए अच्छे खेल के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल शरीर, मन को स्वस्थ रखने तथा तनाव को दूर करने में सहायक है। इसके साथ ही उन्होंने उपविजेता टीम को भी ट्रॉफी व प्रतिभागी खिलाड़ियों को मेडल प्रदान किए। विजेता टीम बनने पर कप्तान रशपाल सिंह ने कहा कि प्रतियोगिता में उनका लक्ष्य सिर्फ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना था जिसकी बदौलत पूरी टीम की मेहनत रंग लाई। मैच में अंपायर की भूमिका जगदीप व विक्रम नेगी ने निभाई। मैच में जयपाल ने अंग्रेजी व राजकुमार मलिक ने हिन्दी में कमेंट्री की।
