युवा मोर्चा के जिला महामंत्री बोले : केंद्रीय मंत्री द्वारा 40 गांवों को गोद लेना एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी पहल
करनाल, 4 मई। भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री रजनीश चौधरी ने कहा कि मनोहर लाल खट्टर आज राजनीति में एक प्रेरणा स्त्रोत के रूप में उभरे हैं। उनके नेतृत्व में प्रदेश ओर लोकसभा में रिकॉर्डतोड़ विकास कार्य हुए हैं, जिनकी मिसाल पूरे देश में दी जा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा 40 गांवों को गोद लेना एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी पहल है, जो ग्रामीण विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। युवा नेता रजनीश चौधरी ने बताया कि खट्टर के जन्मदिन के अवसर पर करनाल लोकसभा क्षेत्र में जगह-जगह सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यकर्ता सेवा भाव से जुड़कर जरूरतमंदों की मदद कर रहे हैं और समाजहित के कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मनोहर लाल खट्टर को राजनीतिक संत कहना गलत नहीं होगा, क्योंकि उनका जीवन सेवा, सादगी और समर्पण का प्रतीक है। रजनीश चौधरी के अनुसार केंद्रीय मंत्री खट्टर के नेतृत्व में करनाल जिले के 40 गांवों को पायलट प्रोजेक्ट के तहत मॉडल गांव के रूप में विकसित किया जाएगा। इन गांवों में आधुनिक सुविधाओं का व्यापक विकास होगा, जिसमें ग्राम सचिवालय, व्यायामशाल, शिवधाम, फिरनी (गांव की परिधि सड़क), स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, स्कूलों का उन्नयन, ई-लाइब्रेरी, तालाबों का सौंदर्यीकरण, सीवरेज सिस्टम शामिल है। इन सभी कार्यों से गांवों को आधुनिक, स्वच्छ और आत्मनिर्भर बनाया जाएगा। समाजसेवी रजनीश चौधरी ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी योजना में शामगढ़, संधीर, कुंजपुरा, बड़ागांव, काछुआ, कुंड, कैमला, मुनक, सालवन, निगदू, गोंदर, सग्गा, बरास, डाचर, भादसो, संगोहा, दर्ड, ब्याना, गढ़ी बीरबल, जरीफाबाद, कमालपुरा, कुटेल, बड़सत, अराईपुरा, गगसीना, मोहिद्दीनपुर, बल्ला, जुंडला, राहड़ा, अरडाना, जलमाना, रम्बा, बड़ौता, कालरम, ऊंचा समाना, गोहिदा, साम्भली, पुंडरक, खेड़ी मानसिंह और पिंगली गांव शामिल हैं। भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री रजनीश चौधरी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत–विकसित हरियाणा के संकल्प को मनोहर लाल खट्टर धरातल पर उतारने का काम कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में हर वर्ग के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है और गांवों को भी शहरों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि मनोहर लाल खट्टर का जन्मदिन इस बार सिर्फ एक उत्सव नहीं, बल्कि सेवा, विकास और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक बनता नजर आ रहा है। 40 गांवों को मॉडल गांव बनाने की पहल आने वाले समय में हरियाणा के ग्रामीण ढांचे को नई पहचान दे सकती है।
