करनाल शहर में चल रहे विकास कार्यों का डीसी ने किया निरीक्षण, प्रगति का लिया जायजा, तेज गति से कार्य पूरा करने के दिए निर्देश।
करनाल, 4 मई। डीसी डॉ आनंद कुमार शर्मा ने सोमवार को करनाल शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का दौरा किया और प्रगति का जायजा लिया तथा अधूरे कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो एजेंसी निर्धारित समय अवधि में कार्य पूरा नहीं करेगी उन्हें पेनल्टी लगाई जाएगी।
डीसी ने दौरे के दौरान सबसे पहले कैलाश हॉकी स्टेडियम में बन रहे हॉस्टल ब्लॉक का निरीक्षण किया। इस हॉस्टल में 80 कमरों का कार्य निर्माणाधीन है। इनमें 40 कमरे महिला खिलाडिय़ों व 40 कमरे पुरूष खिलाडिय़ों के लिए बनाए जा रहे हैं। यह कार्य अगस्त 2026 तक हर संभव पूरा किया जाए और समय नहीं मिलेगा। समय पर निर्माण कार्य पूरा न होने पर पेनल्टी लगाई जाएगी और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने इसके बाद पंजाबी धर्मशाला से वाया शहीद ऊधम सिंह चौक से होते हुए मेरठ रोड तक करीब 16.50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सडक़ के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और 30 जून 2026 तक कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान डीसी ने शहीद उधम सिंह चौंक के पास ओल्ड डब्ल्यूजेसी पर करीब साढ़े 6 एकड़ में विकसित किए जा रहे पार्क का भी निरीक्षण किया। इस मौके पर वन विभाग के अधिकारी ने बताया कि यह कार्य प्रगति पर है। इस पार्क में 1000 पौधे लगाए जाने हैं जिनमें से अब तक 500 पौधे लगाए जा चुके हैं, बाकी बरसात के सीजन में लगाए जाएंगे।
डीसी ने सेक्टर 32 में 9.50 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे सामुदायिक केंद्र के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और इस कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। ड्रेन नंबर 1 पर करीब 11 करोड़ रुपये की लागत से आरडी 00-3200 और 3200-12000 ड्रेन के पुनर्वास कार्य का निरीक्षण किया। इस पर सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इसका एक भाग बन चुका है, शेष कार्य अंतिम चरण में है। उन्होंने कुछ हिस्से के निर्माण में आ रही समस्या के बारे में भी अवगत कराया। इस पर डीसी ने कहा कि संबंधित विभाग के अधिकारियों की जल्द संयुक्त बैठक बुलाकर इसका समाधान किया जाएगा।
डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने निरीक्षण के दौरान सेक्टर 32 में बने इंदौर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का देखकर प्रसन्नता जाहिर की। इसके बाद सेक्टर 32 में ही करीब 10.10 करोड़ रुपये की लागत से बने वृद्धाश्रम, सेक्टर- 33 में 13.15 करोड़ रुपये की लागत से बने सामुदायिक केंद्र, लाइब्रेरी, बैडमिंटन हॉल व वॉलीबॉल हॉल का निरीक्षण किया और कहा कि जल्द ही इसका लोकार्पण करवाकर जनता का समर्पित किया जाए।
निरीक्षण से पहले डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने लघु सचिवालय के सभागार में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत चल रहे विभिन्न विकास कार्यों को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और निर्देश दिए कि शहर की सडक़ों के सौंदर्यीकरण, लाईटें लगाने के कार्य को भी पूरा करवाया जाए। इसके अलावा उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को ओल्ड जीटी रोड बस अड्डे से लेकर महर्षि वाल्मीकि चौंक, मेरठ रोड चौंक से मीरा घाटी चौंक तथा कुंजपुरा रोड पर सिविल हॉस्पिटल चौंक से लेकर पुरानी सब्जी मंडी चौंक तक अंडरग्राउंड बिजली की तार बिछाने के कार्य को जुलाई 2026 तक पूरा करने के निर्देश दिए।
इस दौरान स्मार्ट सिटी जीएम रामफल, शहरी विकास प्राधिकरण के अधीक्षण अभियंता धर्मवीर, नगर निगम की कार्यकारी अभियंता मोनिका, सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता मनोज व सिंचाई विभाग के एसडीओ करनैल सिंह सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
