वार्ड नंबर 12 में आयोजित कार्यक्रम में महापौर ने किया आह्वान – स्वच्छता को बनाएं जन आंदोलन, कचरा पृथक्करण व प्लास्टिक त्यागने पर दिया जोर।
करनाल 2 मई,
   “नई सोच नया शहर – स्वच्छ हरियाणा” अभियान के तहत नगर निगम करनाल द्वारा जन-जागरूकता कार्यक्रमों की कड़ी को आगे बढ़ाते हुए शनिवार को वार्ड नंबर 12 के कुंजपुरा रोड स्थित सनातन धर्म मंदिर में एक विशेष जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर रेनू बाला गुप्ता ने की। इस अवसर पर वार्ड पार्षद मोनिक गर्ग, अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार, वार्ड कमेटी के सदस्य अभिनव खुराना, राजेंद्र मोंगा, दीपक अत्री, पिंकी कश्यप व सचिव रवि कुमार  तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
महापौर ने अपने संबोधन में कहा कि “नई सोच नया शहर” अभियान केवल एक सरकारी पहल नहीं, बल्कि जन-जन की भागीदारी से सफल होने वाला एक सामाजिक आंदोलन है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और इसे अपने परिवार एवं समाज तक फैलाएं। उन्होंने कहा कि जब सोच बदलेगी, तभी शहर भी बदलेगा।
उन्होंने वार्ड कमेटी के सदस्यों से अपील की कि वे घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करें और स्वच्छता से जुड़े संदेशों को प्रभावी तरीके से आमजन तक पहुंचाएं, ताकि प्रत्येक नागरिक इस अभियान का सक्रिय भागीदार बन सके।
इस अवसर पर पार्षद मोनिक गर्ग ने अपने संबोधन में शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए कचरा पृथक्करण (गीला और सूखा कचरा अलग-अलग रखने), सिंगल यूज प्लास्टिक के पूर्ण त्याग तथा स्वच्छता के अन्य उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन आदतों को अपनाकर ही हम एक स्वच्छ और सुंदर शहर का निर्माण कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार ने वार्ड कमेटी के सदस्यों तथा उपस्थित नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने और दूसरों को भी प्रेरित करने का संकल्प दिलाया।
इस मौके पर मुख्य सफाई निरीक्षक सुरेन्द्र चोपड़ा, सफाई निरीक्षक संदीप कुमार, सिटी टीम लीडर हिमांशु, ट्रिगर मास्टर गुरदेव सिंह सहित मोटिवेटर टीम के सदस्य भी मौजूद रहे और उन्होंने अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *