करनाल, 1 मई- हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने आज सुबह लगभग पौने छह बजे अचानक अलीपुर खालसा गांव पहुँच गए । विशेष बात यह रही कि वे बिना सुरक्षा कर्मियों के स्वयं वाहन चलाकर गांव पहुंचे और सीधे व्यायामशाला का निरीक्षण किया।
व्यायामशाला में उन्होंने योगाभ्यास कर रहे युवाओं से संवाद किया और उनकी दिनचर्या के बारे में जानकारी ली। योग सहायक राजेंद्र ने बताया कि युवा नियमित रूप से साढ़े चार बजे पहुंचकर योग करते हैं जिसके बाद वे कबड्डी खेलते हैं। इस पर विधानसभा अध्यक्ष ने युवाओं की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर योग और खेल गतिविधियों में सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है और योग के माध्यम से मानसिक एवं शारीरिक संतुलन बनाए रखा जा सकता है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि राज्य सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में व्यायामशालाओं की स्थापना और योग सहायकों की नियुक्ति इसी उद्देश्य से की गई है ताकि युवा स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं।
निरीक्षण के दौरान कल्याण ने व्यायामशाला में बिजली और पानी की शीघ्र व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा ओपन जिम के क्षतिग्रस्त उपकरणों की मरम्मत करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने ग्रामीणों से भी व्यायामशाला की गतिविधियों पर फीडबैक लिया।
इसके पश्चात उन्होंने घरौंडा स्थित वीर सावरकर पार्क का भी दौरा किया। यहां उन्होंने उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया और सैर कर रहे लोगों से बातचीत की तथा पार्क में व्यायाम कर रही महिलाओं से भी मुलाकात की।
