चरखी दादरी। डेढ़ करोड़ की क्लेम राशि लेने के लिए प्रेमी संग मिलकर पति को मारने की साजिश रचने वाली आरोपित पत्नी अन्नू को चरखी दादरी सदर थाना पुलिस ने बुधवार सुबह गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपित महिला ने पुलिस पूछताछ में जुर्म कबूल कर लिया और इसके बाद पुलिस ने उसे कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया। उससे आईफोन-13 बरामद हुआ है, जिसे कब्जे में लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

19 अप्रैल को सदर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि तिवाला गांव के समीप सड़क हादसे में स्कूटी सवार फतेहगढ़ निवासी प्रदीप व बादल निवासी मुकेश घायल हो गए। पुलिस मौके पर पहुंची तो प्रदीप लहूलुहान अवस्था में मिला जबकि मुकेश को ज्यादा चोटें नहीं लगी थी।

पुलिस ने मुकेश के बयान पर सड़क हादसे का केस दर्ज किया था। इसके बाद प्रदीप की बहन सोनू ने पुलिस को शिकायत दी, जिसमें प्रदीप की पत्नी अन्नू पर प्रेमी मुकेश संग मिलकर साजिश के तहत प्रदीप को मारने का प्रयास करने का आरोप लगाया।
घायल प्रदीप की बहन अन्नू ने बताया था कि करीब तीन माह के अंदर अन्नू ने प्रदीप की 60-60 लाख की दो बीमा पॉलिसी कराई है और वो खुद नॉमिनी है। वहीं, चार एकड़ जमीन बेचने की एवज में आई 25 लाख की बयाना राशि भी अन्नू ने प्रदीप से ली हुई है। इन तमाम पहलुओं को जहन में रखते हुए पुलिस ने अन्नू के प्रेमी मुकेश से पूछताछ की तो उसने जुर्म कबूल कर लिया।

कोर्ट में पनपा प्रेम, फरवरी में रची गई मौत की पटकथा

अन्नू ने बताया कि साल 2005 में हुई शादी के बाद से ही वह अपने अनपढ़ पति प्रदीप को पसंद नहीं करती थी। सितंबर 2025 में दादरी कोर्ट परिसर में उसकी मुलाकात बादल निवासी मुकेश से हुई, जो प्रेम प्रसंग में बदल गई। मुकेश ने अन्नू के घर में कमरा किराये पर लिया। फरवरी में प्रदीप को ठिकाने लगाने का फैसला लिया।

बीमा की मोटी रकम और जमीन के पैसों पर थी नजर

अन्नू केवल पति से छुटकारा ही नहीं चाहती थी, बल्कि उसकी मौत को ‘हादसा’ दिखाकर करोड़ों रुपये हड़पना चाहती थी। साजिश के तहत उसने प्रदीप की 60-60 लाख रुपये की दो बीमा पॉलिसियां करवाईं और बाइक का भी डेथ क्लेम इंश्योरेंस लिया। जमीन और भैंस बेचकर आए 30 लाख रुपये में से 12 लाख उसने मुकेश को नकद दिए।

वारदात से पहले अन्नू ने भाड़े के गुंडों (जसबीर, अक्षय और रवि) से मुलाकात की और उन्हें साफ निर्देश दिए कि ‘प्रदीप किसी भी हाल में बचना नहीं चाहिए, काम ऐसा हो कि हादसा लगे।’ 18 अप्रैल को अन्नू ने जबरन प्रदीप को मुकेश के साथ भेजा, जहां उसे गाड़ी से कुचलने की कोशिश की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed