झज्जर। जिले में सोमवार की शाम को मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह से ही तेज धूप के कारण गर्मी अपने चरम पर रही और अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा। दोपहर के समय गर्म हवाओं और चिलचिलाती धूप के चलते बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।
आमजन घरों में दुबके नजर आए और जरूरी काम से ही बाहर निकले। शाम होते-होते मौसम में बदलाव देखने को मिला। करीब साढ़े सात बजे अचानक धूल भरी आंधी चली, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ।
आंधी के दौरान हवाओं की गति करीब 28 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। तेज हवाओं के कारण एहतियातन शहर और जिले के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
आंधी के साथ ग्रामीण क्षेत्र में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी भी हुई, जिससे तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। हालांकि, यह बदलाव किसानों के लिए चिंता का कारण बन सकता है। जिले की मंडियों और गोदामों में बड़ी मात्रा में गेहूं खुले आसमान के नीचे रखा हुआ है।
यदि आने वाले दिनों में बारिश होती है, तो लाखों क्विंटल गेहूं के भीगने का खतरा बढ़ जाएगा। मौसम के इस बदलाव को देखते हुए संबंधित विभागों और खरीद एजेंसियों को सतर्क रहने की जरूरत है।
समय रहते उचित प्रबंध नहीं किए गए तो किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। हालांकि इस समय आढ़तियों ने काफी गेहूं को तिरपालों से ढका है, लेकिन आंधी के कारण वे उड़ रहे हैं।
कार्यकारी अभियंता प्रदीप कुमार ने कहा कि इस समय आंधी चल रही है। पेड़ गिरने के कारण ऐसे मौसम में तार टूट सकते हैं। इस लिए कोई हादसा ना हो इसके लिए बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाता है।
