अंबाला। थाना पड़ाव पुलिस ने रोहित गोदारा गैंग के लिए काम करने वाले दो शूटर काबू किए हैं। इन के कब्जे से हथियार बरामद हुए हैं जबकि अंबाला में इनको वारदात करनी थी।
इनकी पहचान भूपेंद्र सिंह उर्फ भूपेंद्र गुर्जर उर्फ थापा निवासी गांव बड़ागांव जिला आगरा उत्तर प्रदेश व नितिन उर्फ जट्टा निवासी नगला जट्टा जिला भरतपुर राजस्थान के रूप में हुई है। यह दोनों अंबाला-दिल्ली हाईवे पर शास्त्री कालोनी कट ओवरब्रिज के नीचे खड़े थे।
यह शूटर्स रोहित गोदारा निवासी बिकानेर, जयप्रकाश उर्फ जेपी निवासी बिकानेर, देवेंद्र निवासी जयपुर व वीरेंद्र उर्फ चारण वासी चुरू के लिए काम करते हैं। इनके कब्जे से 32 बोर की की देसी पिस्टल, मैगजीन (तीन राउंड) तथा एक अन्य मैगजीन (दो राउंड) बरामद हुए हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में इन शूटर्स ने बताया कि उनको हथियार दिए थे और अंबाला पहुंचने को कहा गया था। इनको अंबाला, चंडीगढ़ या फिर आसपास वारदात के लिए टारगेट बताया जाना था। पुलिस आगामी पूछताछ कर रही है।
