पंचकूला। सेक्टर 11 स्थित सरकारी क्वार्टर के मकान नंबर 1388 में सोमवार शाम अचानक आग लगी गई। घटना से वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सेक्टर-10 चौकी इंचार्ज ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह क्वार्टर पीडब्ल्यूडी विभाग में कार्यरत चालक रोहताश का है।
घटना के समय उनका भतीजा घर पर मौजूद था। उसने कमरे में अगरबत्ती जलाई थी और कमरे का पंखा आन था। इस वजह से चिंगारी से आग लग गई। आग पूरे कमरे में फैल गई और घर का सामान जल गया।
आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की लपटें और धुआं दूर से ही दिखाई दे रहा था।
स्थिति उस समय और भी गंभीर हो गई जब पता चला कि आग के पास ही गैस सिलेंडर रखा हुआ था। अगर सिलेंडर में विस्फोट हो जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि, गनीमत रही कि समय रहते स्थानीय लोगों ने सूझबूझ और हिम्मत दिखाते हुए स्थिति को सँभालते हुए दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने पूरी तरह आग पर काबू पाया।
