-कुरुक्षेत्र में गैस की नहीं है कोई दिक्कत, जमाखोरी व कालाबाजारी को रोकने के लिए गठित की 4 टीमें
कुरुक्षेत्र, 26 अप्रैल। 
  अतिरिक्त उपायुक्त विवेक आर्य ने कहा कि खाद्य आपूर्ति विभाग की तरफ से सब डिविजन के अनुसार सिलेंडरों की कालाबाजारी को रोकने और निरंतर सप्लाई को सुचारू बनाए रखने के लिए 4 टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों ने अब तक 166 जगहों पर रेड की है और 92 सिलेंडर भी जब्त किए है। इस विभाग की टीमें लगातार फील्ड में सक्रिय रहकर गैस एजेंसियों पर निगरानी रख रही हैं। प्रतिदिन एजेंसियों से रिपोर्ट ली जा रही है, जिससे आपूर्ति की स्थिति पर सतत नजर बनी हुई है और उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध करवाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी और अनधिकृत उपयोग को रोकने के लिए विशेष निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों और विवाह जैसे आयोजनों के लिए व्यवसायिक गैस सिलेंडरों की विशेष व्यवस्था की गई है, जिसके लिए संबंधित कार्यालय में आवेदन किया जा सकता है। जमाखोरी करने वालो पर प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक कार्यालय द्वारा एलपीजी से संबंधित शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए विभिन्न अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, जिला स्तर पर हेल्पलाइन नंबर 01744-294418 जारी किया गया है।
एडीसी विवेक आर्य ने कहा कि जिले में गैस सिलेंडरों सहित पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है। उपभोक्ताओं की मांग के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि ईंधन की आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा जाए और किसी भी स्तर पर बाधा नहीं आने दी जाए। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे केवल आवश्यकता अनुसार ही गैस की बुकिंग करें और अनावश्यक भंडारण से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *