करनाल, 24 अप्रैल। डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में 26 अप्रैल को होने वाली एचसीएस परीक्षा के सफल आयोजन के दृष्टिगत करनाल शहर में स्थापित कोचिंग सेंटर संचालकों की बैठक ली और उन्हें आयोग की ओर से जारी सख्त हिदायतों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शासन और प्रशासन देश के युवाओं का भविष्य बनाने के लिए कार्य कर रहे हैंं, ऐसे में मेरिट के आधार पर बच्चों को आगे बढ़ने का मौका मिलना चाहिए। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजराणिया मौजूद रहे।
डीसी ने बैठक में कहा कि एचसीएस की परीक्षा प्रदेश की सबसे बड़ी और महत्वपूर्ण परीक्षा है। इसी प्रकार से 3 मई को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा भी देश की बड़ी परीक्षाओं में से एक है। इन दोनों परीक्षाओं को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने में कोचिंग सेंटर संचालक प्रशासन को सहयोग करेंगे और ऐसी किसी गतिविधि में संलिप्त न हों जिससे कोचिंग सेंटर के साथ-साथ जिला प्रशासन का नाम भी खराब हो। उक्त दोनों परीक्षाओं को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के भी सख्त आदेश हैं कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा न जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से हरियाणा लोक सेवा आयोग व स्थानीय प्रशासन को परीक्षा को पारदर्शी व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने का दायित्व सौंपा गया है और सख्त हिदायत दी गई है कि परीक्षा में कहीं पर भी कोई गड़बड़ी न हो जिससे प्रदेश सरकार की छवि खराब हो। मुख्यमंत्री के आदेशों व हरियाणा लोक सेवा आयोग की हिदायतों की अनुपालना सभी कोचिंग सेंटर संचालक करना सुनिश्चित करेंगे। अगर कहीं पर भी किसी कोचिंग सेंटर संचालक की प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से जैसे पेपर लीकेज, डिजीटल डिवाइस का प्रयोग, आंसर की शेयरिंग इत्यादि मामलों में संलिप्तता न पाई जाए। ऐसा पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज होगी और सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जिला प्रशासन सीएसआर फंड के माध्यम से गरीब व वंचित बच्चों को मुफ्त कोचिंग दिलवाने में सहायता करेगा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजराणिया ने कोचिंग सेंटर संचालकों को स्पष्ट किया कि डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा द्वारा बताई गई हरियाणा लोक सेवा आयोग व नीट यूजीसी की परीक्षाओं के सफल आयोजन के लिए जारी हिदायतों की दृढ़ता से पालना सुनिश्चित की जाए और अपने-अपने स्टाफ को भी इन हिदायतों के बारे में अवगत कराएं। उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा अवधि के दौरान कोचिंग सेंटर बंद रखें। उन्होंने कहा कि परीक्षाओं के दृष्टिगत शनिवार व रविवार दोनों दिन फोटोस्टेट की दुकानें व वाईफाई बंद रखें जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि आज की बैठक में जो कोचिंग सेंटर संचालक उपस्थित नहीं हो सके, उनसे भी इन हिदायतों की पालना हेतु जानकारी साझा करें।
इस मौके पर सीटीएम मोनिका शर्मा, डीएसपी संदीप कुमार, जीएम रोडवेज कुलदीप सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी रोहताश वर्मा, जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी रेखा त्यागी तथा कोचिंग सेंटर संचालक मौजूद रहे।
