करनाल, 16 अप्रैल। उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला के सभी एसडीएम और खरीद एजेंसियों के अधिकारियों के साथ गेहूं खरीद व उठान प्रक्रिया की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित एसडीएम को मंडियों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि गेहूं खरीद व उठान प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।
बैठक में उपायुक्त ने कहा कि किसानों को मंडी में अपनी फसल बेचने में किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। खरीदी गई फसल का मंडियों से समय पर उठान सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके साथ ही निर्धारित समय सीमा के भीतर किसानों के बैंक खातों में भुगतान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि खरीद और उठान की प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित विभाग आपसी तालमेल से कार्य करें ताकि मंडियों में सुचारू व्यवस्था बनी रहे।
इस मौके पर एडीसी डॉ राहुल रईया, एसडीएम करनाल देवेंद्र शर्मा व वीसी के माध्यम से सभी संबंधित एसडीएम, डीएफएससी व खरीद एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
