-एसडीएम अनुभव मेहता, मार्केट कमेटी चेयरमैन डा. गणेश दत्त ने खरीद एजेंसी, उठान एजेंसी, आढ़ती, व्यापारी और अधिकारी के साथ करी बैठक
-सीजन के दौरान किसानों को नहीं आनी चाहिए कोई समस्या
लाडवा, 16 अप्रैल। 
एसडीएम अनुभव मेहता ने कहा कि अनाज मंडी से गेहूं के उठान में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरतें और पूरी प्रक्रिया तेज गति से संचालित की जाए। खरीद कार्य में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। फसल खरीद कार्यों से संबंधित सभी अधिकारी व कर्मचारी अनाज मंडी में अपनी ड्यूटी प्वाइंट पर नियमित रूप से उपस्थित रहें। खरीद सीजन के दौरान सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ कार्य करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम अनुभव मेहता वीरवार को मार्केट कमेटी कार्यालय में आयोजित बैठक में बोल रहे थे। इस दौरान मार्केट कमेटी चेयरमैन डा. गणेश दत्त भी मौजूद रहे। बैठक में एसडीएम ने खरीद एजेंसी, उठान एजेंसी, आढ़ती, व्यापारी और अधिकारी मौजूद रहे।
एसडीएम अनुभव मेहता ने कहा कि किसी भी किसान को गेहूं मंडी में लाए जाने के बाद यदि गेट पास, बायोमेट्रिक, बारदाना सहित किसी भी तरह की समस्या आती है तो उनकी समस्या को ध्यान से सुनते हुए उसका तत्काल समाधान करें। इसके साथ ही खरीद एजेंसियों के अधिकारी बायोमेट्रिक, गेट पास, खरीद, फसल उठान और भुगतान को लेकर भी हर रोज एसडीएम कार्यालय को अपनी रिपोर्ट दें। रबी खरीद सीजन को पूरी तरह से सुचारु एवं पारदर्शी बनाएं।
उन्होंने कहा कि किसानों को मंडियों में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाएं। खरीद कार्य पूरी तरह नियमानुसार किया जाए। किसी भी प्रकार की ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने फसल खरीदने के समय होने वाले सत्यापन (वेरिफिकेशन) पर विशेष जोर देते हुए कहा कि मंडियों के गेट पर फसल लेकर आए किसी भी किसान को वापस न भेजा जाए और उसकी एंट्री वेरिफिकेशन तुरंत सुनिश्चित किया जाए।
एसडीएम अनुभव मेहता ने कहा कि मंडी में फसल खरीद करते समय सरकार की गाइडलाइन के अनुसार सत्यापन किया जाए। मंडी में फसल के समर्थन मूल्य पर खरीद होने के बाद किसानों को तय समय में भुगतान करना भी सुनिश्चित किया जाए। इसी प्रकार कृषि विभाग और राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि डेटा मिलान के कार्य को जल्द पूरा करें।
इस मौके पर मार्केट कमेटी के सचिव संत कुमार, मंडी प्रधान राजीव आर्य, लेबर ठेकेदार राधेश्याम, हैफड मैनेजर वीरेंद्र, वह अनाज मंडी के आढ़ती मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *